यूपी तक की इस खास रिपोर्ट में फूलन देवी की बड़ी बहन और समाजवादी पार्टी महिला सभा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणी देवी निषाद का इंटरव्यू दिखाया गया है. औरैया जिले के अपने पैतृक गांव 'मल्लाह की मड़ैया' (मड़ैया डोगरपुर) पहुंची रुक्मणी देवी ने अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव को लेकर कई भावुक बातें कहीं. रुक्मणी देवी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव उनकी बहन फूलन देवी के लिए किसी भगवान से कम नहीं थे. उन्होंने फूलन देवी को जेल से छुड़ाया, केस वापस लिए और उन्हें तीन बार सांसद बनाया. उन्होंने बताया कि नेताजी ने फूलन देवी को अपनी बेटी का दर्जा दिया था और उनके परिवार को कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि वे पराए हैं.
ADVERTISEMENT
रुक्मणी देवी ने अखिलेश यादव की तुलना 'किशन कन्हैया' (भगवान कृष्ण) से की. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हर समाज के बच्चों को अपने कलेजे से लगाते हैं और उनके जैसा नेता मिलना मुश्किल है. रुक्मणी देवी ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद पर 'गद्दारी' और 'धोखाधड़ी' के गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि संजय निषाद ने समाज के नाम पर चंदा इकट्ठा किया, बकरियां बिकवाईं और झंडे-टोपी बेचे, लेकिन समाज को कुछ नहीं दिया.
उन्होंने अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने संजय निषाद के बेटे को "फ्री में" सांसद बनाया, लेकिन फिर भी वे भाग गए और अब सत्ता के लिए "घड़ियाली आंसू" बहा रहे हैं. रुक्मणी देवी ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर निषाद समाज की माताओं, बहनों और भाइयों को समाजवादी पार्टी से जोड़ेंगी. उन्हें पूरा विश्वास है कि 2027 के चुनाव में निषाद समाज पूरी तरह से समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा होगा क्योंकि इसी पार्टी में उनकी बहन फूलन देवी की "आहुति" और सम्मान जुड़ा है.
ADVERTISEMENT









