नोएडा में सभा करने के बाद संजय निषाद ने कर दिया बड़ा ऐलान, इतनी सीटों पर ठोका दावा

UP News: नोएडा में निषाद पार्टी की गुर्जर-कश्यप-निषाद संयुक्त सभा. संजय निषाद ने पश्चिमी यूपी की सीटों पर चुनाव लड़ने और समाज को हक दिलाने का किया एलान. भाजपा गठबंधन के साथ जीत का दावा.

यूपी तक

• 12:10 PM • 06 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश की राजनीति का केंद्र इन दिनों पश्चिमी यूपी में केंद्रित है. 5 अप्रैल को नोएडा के सेक्टर-21 स्थित नोएडा स्टेडियम में महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर निषाद पार्टी ने एक भव्य सम्मेलन किया. कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने इस मंच से स्पष्ट कर दिया कि निषाद पार्टी अब केवल पूर्वांचल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी अपनी बड़ी हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगी.

यह भी पढ़ें...

'विपक्षियों ने दिया धोखा, अब 193 जातियां होंगी एक'

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने सत्ता में रहते हुए केवल पिछड़ों और निषाद-कश्यप समाज का शोषण किया. उन्होंने दावा किया कि मुगलों और अंग्रेजों से लड़ने वाली 193 जातियां अब एक साथ आ गई हैं. संजय निषाद ने कहा, "संविधान हमें सुरक्षा और समृद्धि देता है, और अब ये जातियां अपना हक मांगने के लिए सड़क पर उतरेंगी."

पश्चिमी यूपी की सीटों पर दावेदारी और चुनावी गणित

जब संजय निषाद से नोएडा और पश्चिमी यूपी की सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी का स्ट्राइक रेट बहुत अच्छा है. उन्होंने याद दिलाया कि पिछले चुनाव में 15 में से 11 सीटों पर उनके विधायक जीते, जिनमें 9 हारी हुई सीटें शामिल थीं. उन्होंने कहा, "पश्चिमी यूपी का भी प्रतिनिधित्व होना चाहिए. चुनाव आयोग के नियम अनुसार सिंबल रजिस्टर कराने के लिए हमें 10% सीटों पर लड़ना होगा और हम लड़ेंगे."

'राम ने निषाद राज को और मोदी-योगी ने मुझे गले लगाया'

संजय निषाद ने त्रेता युग का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान राम ने जीत के लिए निषाद राज को गले लगाया था, उसी प्रकार आज पीएम मोदी और सीएम योगी ने निषाद राज के वंशज (संजय निषाद) को जीत सुनिश्चित करने के लिए गले लगाया है. उन्होंने कहा कि निषाद समाज का वोट अब भाजपा-निषाद पार्टी गठबंधन की जीत की गारंटी है.