उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव 2026 की आहट के साथ ही 'यूपी Tak' की टीम गोंडा जिले की कर्नलगंज विधानसभा के भाजपा विधायक अजय सिंह के पैतृक गांव कंडरू पहुंची. यहां के ग्रामीणों ने वर्तमान प्रधान और गांव के विकास कार्यों को लेकर खुलकर अपनी राय रखी. आपको बता दें कि कंडरू गांव कर्नलगंज विधायक अजय सिंह का मूल निवास स्थान है. गांव के लोग वर्तमान प्रधान त्रिवेणी सिंह के काम से काफी संतुष्ट नजर आए. ग्रामीणों के अनुसार, गांव में शौचालय, सड़क, बिजली, पानी की टोटी (नल) और आवास (कॉलोनी) जैसी बुनियादी सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध हैं.
ADVERTISEMENT
लोग बुनियादी सुविधाओं से तो खुश हैं, लेकिन कुछ नई मांगें भी सामने आईं हैं. छात्रों और युवाओं ने मांग की है कि गांव के पास एक इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज खोला जाए, क्योंकि वर्तमान में उन्हें पढ़ाई के लिए 5-10 किलोमीटर दूर परसपुर जाना पड़ता है. गांव की बेटियों और युवाओं ने गांव में एक खेल के मैदान की जरूरत बताई है. कुछ ग्रामीणों ने एक नए पंचायत भवन की भी इच्छा जताई है.
गांव के अधिकतर लोगों का मानना है कि यदि दोबारा चुनाव होते हैं, तो वे वर्तमान प्रधान त्रिवेणी सिंह को ही चुनना पसंद करेंगे. ग्रामीणों का कहना है कि विधायक अजय सिंह के गांव होने के कारण यहाँ विकास कार्यों की गति अच्छी रही है और वे प्रधान व विधायक दोनों के तालमेल से खुश हैं.
ADVERTISEMENT









