अखिलेश यादव के साथ नामांकन में दिखे बीजेपी के मंत्री राकेश सचान, क्रॉस वोटिंग की अटकलों पर दिया ये जवाब

यूपी तक

01 Oct 2026 (अपडेटेड: 01 Oct 2026, 02:24 PM)

Rakesh Sachan Viral Photo: यूपी में राज्यसभा चुनाव के बीच अखिलेश यादव और मंत्री राकेश सचान की तस्वीर वायरल होने से सियासी चर्चा तेज हो गई है. क्रॉस वोटिंग की अटकलों के बीच सचान ने इसे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से हुई सामान्य शिष्टाचार मुलाकात बताया और इन बागी होने की चर्चाओं को खारिज कर दिया है.

Google CTA

Rakesh Sachan Viral Photo: समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवारों के राज्यसभा नामांकन के बाद यूपी की सियासत में हलचल तेज हो गई है. नामांकन के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके प्रत्याशी धनराज परिमल नथवानी की विधानसभा स्पीकर सतीश महाना से मुलाकात हुई. इस मुलाकात के दौरान योगी सरकार के मंत्री राकेश सचान भी वहां मौजूद थे. अखिलेश और सचान की चाय-नाश्ते के दौरान खींची गई तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. इस तस्वीर के सामने आते ही सियासी गलियारों में क्रॉस वोटिंग और मंत्री के बागी होने की अटकलें लगाई जाने लगीं. मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राकेश सचान को तलब किया, जिसके बाद सचान ने अपनी सफाई पेश की.

यह भी देखें...

वायरल तस्वीर और क्रॉस वोटिंग की अटकलें

अखिलेश यादव, स्पीकर सतीश महाना, सपा के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज नथवानी और मंत्री राकेश सचान की एक साथ तस्वीर सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए. लोग पूछने लगे कि सपा उम्मीदवारों के नामांकन में बीजेपी के मंत्री का क्या काम था? क्या राकेश सचान बीजेपी से बगावत कर राज्यसभा चुनाव में सपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करेंगे? इन अटकलों ने सोशल मीडिया पर खूब जोर पकड़ा और बीजेपी खेमे में हलचल मच गई.

सचान ने दी सफाई, मुलाकात को बताया शिष्टाचार

विवाद बढ़ने और बीजेपी अध्यक्ष द्वारा तलब किए जाने के बाद, मंत्री राकेश सचान ने खुद सामने आकर सफाई दी. उन्होंने इन खबरों को भ्रामक और निराधार बताया. सचान ने कहा कि स्पीकर सतीश महाना उनके जिले कानपुर के हैं और वह उनसे एक सामान्य शिष्टाचार भेंट के लिए गए थे. उन्होंने बताया कि जिस समय वह स्पीकर के कक्ष में मौजूद थे, इत्तेफाक से उसी समय सपा नेता भी वहां आ गए क्योंकि आज उनके प्रत्याशियों का नामांकन था. सचान ने क्रॉस वोटिंग की सभी अटकलों को खारिज कर दिया.

राकेश सचान का राजनीतिक सफर और विभाग बदलने की चर्चा

राकेश सचान की इस मुलाकात को लेकर इसलिए भी ज्यादा चर्चा है क्योंकि उनका एक लंबा सियासी सफर समाजवादी पार्टी में ही बीता है. वह सपा के टिकट पर घाटमपुर से विधायक और फतेहपुर से सांसद भी रह चुके हैं. बाद में वह कांग्रेस में गए और फिर 2022 में बीजेपी में शामिल होकर मंत्री बने. इसके अलावा, सियासी हलकों में यह भी चर्चा है कि योगी सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार में उनका अहम विभाग (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) वापस लिए जाने के बाद से वह पार्टी से ज्यादा खुश नहीं हैं, जिससे इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर में 2 साधुओं की मौत पर SP सौरभ दीक्षित का बयान, मंदिर के बाहर मिले जले हुए शव