2027 में भाजपा का सीएम चेहरा कौन होगा? केशव मौर्य के बाद योगी आदित्यनाथ ने दिया ये जवाब

आयशा शेख़

• 12:15 PM • 25 Nov 2026

यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल उठ रहे हैं. केशव प्रसाद मौर्य के 'कमल का फूल' वाले बयान के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ से भी यही सवाल पूछा गया. योगी ने जवाब में कहा कि कमल का फूल उनके लिए सबकुछ है और मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है, यह हर व्यक्ति जानता है.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के 'कमल का फूल ही सीएम का चेहरा है' वाले बयान के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस सवाल पर अपनी बात रखी है.

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जब पूछा गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा, तो उन्होंने कहा कि सीएम चेहरा कौन है, यह सभी जानते हैं. उन्होंने कमल के फूल को बीजेपी के लिए सबकुछ बताया.

सीएम बोले- कमल का फूल हमारे लिए सब कुछ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ABP के शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे. यहां पत्रकार ने उनसे केशव प्रसाद मौर्य के बयान का जिक्र करते हुए पूछा कि जब उनसे मुख्यमंत्री के चेहरे के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कमल का फूल बताया. इस पर योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''कमल के फूल पर तो हर व्यक्ति को चुनाव लड़ना ही है. मैं भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ूंगा.''

पत्रकार ने इस जवाब पर दोबारा सवाल किया. उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री का चेहरा तो कमल का फूल नहीं है ना योगी जी. इस पर योगी ने कहा, ''मैं क्या कह रहा हूं, कमल का फूल हमारे लिए सब कुछ है और कौन है, कौन नहीं है, वो सर्वविख्यात... सर्वज्ञात है, हर व्यक्ति जानता है.'' ये बात कहते हुए मुख्यमंत्री हंसने लगे.

एक दिन पहले केशव मौर्य ने दिया था बयान

योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान के एक दिन बाद आई है. दरअसल, 24 नवंबर को केशव मौर्य जालौन के उरई पहुंचे थे. यहां पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा?

इस सवाल पर केशव मौर्य ने किसी नेता का नाम नहीं लिया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल होगा. उन्होंने यह भी कहा कि टिकट किसी को भी मिले, कमल का फूल जरूर खिलना चाहिए. 

योगी के जवाब की क्यों हो रही चर्चा?

योगी आदित्यनाथ ने अपने जवाब में यह नहीं कहा कि 2027 के चुनाव में उन्हें ही मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश किया जाएगा. उन्होंने पहले कमल के फूल को पार्टी के लिए सबकुछ बताया और फिर कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है, यह हर व्यक्ति जानता है.

उनके जवाब में एक तरफ बीजेपी के चुनाव चिह्न को प्राथमिकता दी गई तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर सीधा नाम लेने से परहेज किया गया. फिलहाल बीजेपी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है.