अखिलेश यादव ने तीसरे प्रत्याशी के नाम का किया ऐलान, अतरौलिया से संग्राम सिंह यादव को दिया टिकट

यूपी चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव ने आजमगढ़ की अतरौलिया सीट से संग्राम सिंह यादव को फिर टिकट देकर सियासी हलचल बढ़ा दी है. इस बीच निषाद पार्टी और सुभासपा की दावेदारी पर अखिलेश के तंज ने मुकाबला दिलचस्प बना दिया है.

Sangram Singh Yadav and Akhilesh Yadav

Sangram Singh Yadav and Akhilesh Yadav

Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने एक और उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. 26 नवंबर को पार्टी का घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) जारी होने से ठीक पहले अखिलेश यादव ने आजमगढ़ की चर्चित अतरौलिया विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक डॉ. संग्राम सिंह यादव को एक बार फिर प्रत्याशी घोषित किया है. इस ऐलान के साथ ही अखिलेश यादव ने एनडीए के सहयोगी दलों-निषाद पार्टी और सुभासपा के बीच इस सीट को लेकर चल रही खींचतान पर भी तंज कसा है.

यह भी पढ़ें...

अतरौलिया सीट पर एनडीए की खींचतान और अखिलेश का तंज

गुरुपर्व के अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने अतरौलिया सीट से संग्राम सिंह यादव की उम्मीदवारी पर मुहर लगाई और विश्वास जताया कि वे 2027 में यहां से ऐतिहासिक वोटों से जीत दर्ज करेंगे.

सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस दिन चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा, उसी दिन भाजपा हार जाएगी.उन्होंने अतरौलिया में सपा सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों जैसे एक्सप्रेसवे, फोर-लेन सड़कें और अस्पतालों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता इन बदलावों को जानती है. इसी दौरान उन्होंने अतरौलिया के जिला पंचायत गेस्ट हाउस का जिक्र करते हुए तंज कसा कि सुना है कोई 'गमछे वाला' वहीं बैठकर सारा हिसाब-किताब करता है.

निषाद पार्टी और सुभासपा के बीच क्यों फंसा है पेंच?

पूर्वांचल की हॉट सीट मानी जाने वाली अतरौलिया को लेकर एनडीए के दो प्रमुख सहयोगी दलों-संजय निषाद की निषाद पार्टी और ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बीच दावेदारी की जंग तेज है.

निषाद पार्टी का पक्ष: 2022 के विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन के तहत निषाद पार्टी के टिकट पर संजय निषाद के बेटे ने यहां से चुनाव लड़ा था. हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. संजय निषाद का तर्क है कि क्षेत्र में निषाद मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक है और पिछली बार वे यहां से चुनाव लड़ चुके हैं. इसलिए इस सीट पर उनका दावा बनता है.

सुभासपा का पक्ष: 2022 में सपा के साथ चुनाव लड़ने के बाद अब एनडीए में शामिल हो चुके ओम प्रकाश राजभर इस सीट से अपने बेटे के लिए दावेदारी कर रहे हैं. राजभर का कहना है कि वे पिछले तीन वर्षों से अतरौलिया में लगातार सक्रिय हैं और जनता की समस्याएं सुन रहे हैं.

संग्राम सिंह यादव और बलराम यादव की सियासी विरासत

अतरौलिया विधानसभा सीट लंबे समय से समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ रही है. डॉ. संग्राम सिंह यादव ने 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार इस सीट से जीत दर्ज की है.

उनसे पहले उनके पिता और सपा के वरिष्ठ नेता बलराम यादव लोकदल, जनता दल, जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के सिंबल पर कई बार यहां से विधायक चुने गए. बलराम यादव मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव की सरकार तक कैबिनेट मंत्री भी रहे.ऐसे में संग्राम सिंह यादव अपने परिवार की इसी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं.

सपा की चुनावी रणनीति और मेनिफेस्टो पर नजर

अखिलेश यादव इससे पहले अयोध्या से पवन पांडे और नवल किशोर शाक्य को भी चुनाव की तैयारी करने का संकेत दे चुके हैं और अब अतरौलिया से संग्राम सिंह यादव के नाम पर मुहर लगाकर विपक्ष की ओर से स्पष्ट संदेश दे दिया गया है. दूसरी ओर राजनीतिक गलियारों की नजर अब 26 नवंबर (संविधान दिवस) पर टिकी है जब समाजवादी पार्टी 2027 के चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी करने जा रही है.

ये भी पढ़ें: सपा की पहली लिस्ट से इमरान मसूद नाराज, बेहट और सहारनपुर सीट को लेकर मची हलचल!