'मुझे घसीटते वक्त पुलिसवाले मुझसे कान में...' राहुल गांधी ने कर दिया बड़ा दावा

आयशा शेख़

22 Jul 2026 (अपडेटेड: 22 Jul 2026, 05:58 PM)

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक और छात्रों के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने का अनुभव साझा करते हुए दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें ले जाते समय कान में सरकार के खिलाफ टिप्पणी की.

UP Tak
Google CTA

विपक्ष के नेता और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज यानी 22 जुलाई, 2026 को हुई प्रेस ब्रीफिंग में ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. नीट (NEET) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई धांधली को लेकर छात्रों के समर्थन में उतरे राहुल गांधी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

उन्होंने दावा किया कि छात्रों के सपोर्ट में प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस उनको हिरासत में ले रही थी, तब उनके साथ कुछ ऐसा हुआ जिसकी उन्होंने खुद भी उम्मीद नहीं की थी. पुलिसकर्मी उन्हें घसीटते हुए ले जा रहे थे, लेकिन तभी उनके कान में कुछ अलग ही बात कह दी. 

"हम सिर्फ वर्दी पहने हैं..."

राहुल गांधी ने बताया,

"यह सही है कि पुलिस वाले मुझे थोड़ा घसीट-घसीटकर ले गए. लेकिन वे मेरे कान में कह रहे थे कि 'इस सरकार को हटाइए.' एक ने कहा- 'एक्चुअली मैं राजस्थान का हूं, इनको हटाइए. हम सिर्फ वर्दी पहने हैं.' वहीं दूसरा कह रहा था- 'मैं हरियाणा का हूं, इनको हटाइए.' यानी यह भावना हर जगह है."

राहुल गांधी ने पुलिसकर्मियों के प्रति सहानुभूति जताते हुए आगे कहा, 

"सच्चाई सब जानते हैं. उन बेचारों को तो आदेश मानना पड़ता है, इसलिए वे कर रहे हैं. लेकिन जो हुआ है, उससे पुलिस भी खुश नहीं है. समझदार पुलिसकर्मियों को लगता है कि यह हमारे देश के भविष्य के साथ किया गया एक अपराध है. यह उन लोगों के साथ हुआ अपराध है जिनसे हम प्यार करते हैं... उन्हें इसमें अपने बच्चे नजर आते हैं."

छात्रों के हक में सड़क पर उतरी कांग्रेस

राहुल गांधी की ये प्रेस ब्रीफिंग ऐसे समय में है जब कांग्रेस लगातार पेपर लीक, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और शिक्षा व्यवस्था में कमियों को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है. पार्टी लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है.

हालांकि, राहुल गांधी का कहना है कि बात सिर्फ उनके साथ हुए बर्ताव या विपक्ष के नेताओं की नहीं है. असली मुद्दा हमारे देश के युवाओं के भविष्य का है.