'यूपी पुलिस अंग्रेजों की तरह नहीं काम कर रही...', कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने ही मंत्री संजय निषाद पर जमकर किया पलटवार

राम प्रताप सिंह

07 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Uttar Pradesh Politics: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में खनुआ नदी सफाई अभियान के दौरान प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी.

Surya Pratap Shahi News

Surya Pratap Shahi News

Google CTA

Surya Pratap Shahi News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में खनुआ नदी सफाई अभियान के दौरान प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि 'उत्तर प्रदेश पुलिस अंग्रेजों की तरह काम नहीं कर रही है, बल्कि जो लोग कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करते हैं और समाज में भय व आतंक का माहौल पैदा करते हैं, उनके खिलाफ योगी आदित्यनाथ सरकार सख्त कार्रवाई करती है.' मंत्री का यह बयान गाजीपुर में हुए एक एनकाउंटर को लेकर उठे विवाद के बीच सामने आया है.

यह भी पढ़ें...

संजय निषाद के बयान से जताई असहमति

दरअसल, गाजीपुर में हुए एक पुलिस एनकाउंटर को लेकर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने सवाल खड़े किए थे. उन्होंने कहा था कि पुलिस अंग्रेजों के दौर की तरह काम कर रही है और इससे वोट प्रभावित हो रहे हैं. हालांकि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने इस टिप्पणी से असहमति जताई. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून के शासन में विश्वास करती है और अपराध तथा अराजकता फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं किसी स्तर पर कोई गलती सामने आती है तो उसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है.

खनुआ नदी की सफाई में उतरे मंत्री

रविवार को कृषि मंत्री अपने गृह जनपद देवरिया के पैतृक गांव पकहा पहुंचे, जहां उन्होंने गांव के पास बह रही खनुआ नदी की सफाई अभियान में हिस्सा लिया. इस दौरान मंत्री स्वयं नदी में उतरे और वहां जमा घास-फूस व गंदगी को हटाने के कार्य में शामिल हुए. अभियान में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम भी मौजूद रही, जिसने नावों की मदद से सफाई कार्य में सहयोग किया.

5 जून से चल रहा विशेष स्वच्छता अभियान

सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि प्रदेश सरकार 5 जून से 21 जून तक विभिन्न पर्यावरण एवं स्वच्छता कार्यक्रम चला रही है. इन कार्यक्रमों के तहत नदियों की सफाई, जल स्रोतों से गंदगी हटाने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इसी अभियान के तहत उन्होंने अपने गांव के पास बह रही खनुआ नदी की सफाई में भाग लिया है. मंत्री ने लोगों से भी जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की.