मथुरा में समाजवादी पार्टी के नेता राजन रिजवी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. राजन रिजवी सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव बताए गए हैं. आरोप है कि वह एक महिला बैंक कर्मचारी को लगातार परेशान कर रहे थे और उसे आपत्तिजनक मैसेज भेज रहे थे.
ADVERTISEMENT
महिला की शिकायत पर मथुरा के थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजन रिजवी को अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
महिला का पीछा करने का भी आरोप
सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी ने बताया कि महिला बैंक कर्मचारी ने राजन रिजवी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप है कि वह लगातार महिला को परेशान कर रहे थे और उसका पीछा भी किया जा रहा था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला का निजी मोबाइल नंबर हासिल कर उस पर आपत्तिजनक मैसेज भेजे. महिला के घर की रेकी किए जाने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है.
काम करना मुश्किल करने का आरोप
एएसपी आशना चौधरी ने बताया कि आरोपी महिला को लगातार परेशान कर रहा था. इससे उसके लिए अपना काम करना भी मुश्किल हो रहा था. मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी. पुलिस ने बताया कि 27 सितंबर 2026 को टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजन रिजवी को अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया.
चैट भी हुई थी वायरल
इस मामले में राजन रिजवी और महिला के बीच बातचीत की चैट भी वायरल हुई थी. इसी चैट को लेकर सोशल मीडिया पर मामला चर्चा में आया था. महिला को कथित तौर पर आईएएस बनवाने का लालच देने की बात भी सामने आई थी. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी की गई है. मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT











