Om Prakash Rajbhar: क्या उत्तर प्रदेश 4 हिस्सों में बटने वाला है? NDA के एक घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बहुत बड़ा दावा कर दिया है. उन्होंने कहा है कि 'उत्तर प्रदेश का जब भी बंटवारा होगा और पूर्वांचल एक अलग राज्य बनेगा, तो वहां का मुख्यमंत्री राजभर का बेटा ही बनेगा.' दरअसल, यूपी में मायावती के शासनकाल के दौरान राज्य को 4 हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव आया था. हालांकि यूपी तब बंटा नहीं, लेकिन राज्य में ऐसी चर्चाएं हमेशा चलती रहती हैं. अब राजभर ने भी यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 से ठीक पहले राज्य को बांटने की बात दोहराई है. उन्होंने कहा है कि 'उत्तर प्रदेश एक बहुत बड़ा राज्य है और इसे बांटने की मांग लंबे समय से उठती रही है.'
ADVERTISEMENT
पूर्वांचल का सीएम 'राजभर का बेटा' होगा
ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि जब भी यूपी का बंटवारा होगा, मुख्यमंत्री राजभर का बेटा ही बनेगा. उन्होंने एक बयान में कहा, '24 साल से हम लोग इस बात को कहते आए हैं कि जिस दिन प्रदेश का बंटवारा होगा... जब भी बंटवारा होगा तो उत्तर प्रदेश का पहला मुख्यमंत्री राजभर का बेटा होगा.' हालांकि, राजभर खुद मानते हैं कि इसमें 5 साल, 10 साल या 20 साल भी लग सकते हैं.
जौनपुर और आजमगढ़ की सीटों पर ठोका दावा
अपनी मुख्यमंत्री वाली मांग के साथ ही ओम प्रकाश राजभर ने आगामी चुनाव के लिए अपनी सियासी जमीन मजबूत करनी शुरू कर दी है. वे पूर्वांचल की कई सीटों पर अपना दावा पेश कर रहे हैं. राजभर ने खुले तौर पर कहा है कि उनकी पार्टी जौनपुर की केराकत और जफराबाद सीटों पर तैयारी कर रही है. इसके साथ ही, वे आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर भी अपनी दावेदारी जता चुके हैं.
उन्होंने जफराबाद के मौजूदा विधायक जो सुभासपा से हैं, उन्हें लेकर कहा है कि वो बस नाम के हैं, झंडा और टोपी समाजवादी पार्टी (सपा) का ही लगाते हैं.
निषाद पार्टी से अतरौलिया सीट पर विवाद
ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर से अतरौलिया सीट से अपना उम्मीदवार उतारने की बात दोहराई है. इस सीट को लेकर NDA के दो घटक दल में ही भारी मतभेद हैं. एक तरफ राजभर इस सीट से अपने बेटे अरुण राजभर को लड़ाना चाहते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ संजय निषाद भी इस सीट से अपना उम्मीदवार लड़ाना चाहते हैं.
राजभर की इस चाहत को लेकर संजय निषाद ने तंज कसते हुए कहा था कि अतरौलिया में निषाद समाज की संख्या राजभर समाज से आठ गुना ज्यादा है. उन्होंने आगे कहा था कि राजभर को अपना सलाहकार बदल लेना चाहिए. जानकारी के लिए बदा दें पिछली बार अतरौलिया से निषाद पार्टी के उम्मीदवार ने चुनाव लड़ा था. हालांकि वो चुनाव नहीं जीत सके थे.
यूपी की कानून व्यवस्था पर क्या बोले राजभर?
यूपी की कानून व्यवस्था पर बात करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने योगी सरकार की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा है कि कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें, तो प्रदेश से बड़े माफिया और गैंगवार खत्म हो गया है. राजभर ने कहा है कि आज माफिया या तो जमीन के अंदर हैं या जेल के अंदर. इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि पहले ऐसी स्थिति थी कि नेता आजम खान के कुत्ते से हाथ मिलाते थे.
यह भी पढ़ें: यूपी की सभी 403 सीटों पर आया लेटेस्ट सर्वे, किस पार्टी की बनती दिख रही सरकार
ADVERTISEMENT











