राज्यसभा में निर्विरोध निर्वाचित होने पर सपा उम्मीदवार धनराज नथवानी का आया पहला रिएक्शन, अखिलेश को लेकर कही ये बात

यूपी तक

• 04:33 PM • 09 Oct 2026

यूपी से राज्यसभा सांसद निर्विरोध चुने जाने के बाद धनराज नथवानी ने अखिलेश यादव और सपा नेतृत्व का आभार जताया. पीएम मोदी की तारीफ वाले पोस्ट के बाद चर्चा में आए नथवानी ने संसद में विकास का मुद्दा उठाने की बात कही.

Dhanraj Parimal Nathwani

Dhanraj Parimal Nathwani With Akhilesh Yadav

Google CTA

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धनराज नथवानी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है. धनराज नथवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X'  पर पोस्ट करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है. यूपी में धनराज नथवानी के साथ सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं. 

यह भी पढ़ें...

बता दें कि बीते कुछ दिन पहले ही धनराज नथवानी ने पीएम मोदी की तारीफ में लंबा चौड़ा पोस्ट किया था. नथवानी के इस पोस्ट के बाद सपा पर सवाल उठे थे कि उनका राज्यसभा कैंडिडेट पीएम की तारीफ क्यों कर रहा है. मगर अब राज्यसभा में निर्विरोध निर्वाचित होने पर नथवानी ने अखिलेश यादव की जमकर तारीफ की है. बता दें कि उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर हुए इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 8 और समाजवादी पार्टी ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है.

X  पोस्ट में क्या लिखा धनराज नथवानी ने?

राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद धनराज नथवानी ने अखिलेश यादव और सपा विधायकों का धन्यवाद करते हुए लिखा 'उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए मेरे निर्वाचित होने पर, मैं समाजवादी पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी का हृदयतल से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं. पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेतृत्व और माननीय विधायकों का अंतःकरण से आभार, जिन्होंने मुझ पर अटूट विश्वास जताया. उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर आदरणीय अखिलेश जी के प्रगतिशील विजन को संसद के पटल पर आगे बढ़ाने के लिए मैं पूर्णतः समर्पित रहूंगा. शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान, 12 अक्टूबर को पूर्वाह्न में मैं विधिवत अपना विजय प्रमाण पत्र प्राप्त करूंगा. आप सभी के असीम स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद.'

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की कुल 10 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई थी. विधानसभा में राजनीतिक दलों की सदस्य संख्या के गणित के आधार पर चुनाव की स्थिति इस प्रकार रही.

कितनी सीटों पर हुई प्रक्रिया: यूपी की कुल 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ.

निर्विरोध निर्वाचन: निर्धारित सीटों के अनुपात में ही उम्मीदवार मैदान में होने और पर्याप्त संख्या बल के चलते सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए.

कौन-कौन थे उम्मीदवार?

समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवार उतारे थे. इनमें प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी थे. वहीं भारतीय जनता पार्टी के 8 उम्मीदवार धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्णा पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार थे. सपा और भाजपा के सभी 10 उम्मीदवार अब निर्विरोध चुन लिए गए हैं.

 कौन हैं धनराज नथवानी?

धनराज परिमल नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और जामनगर स्थित कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से जुड़े हैं. RIL में उनका कुल कार्यकाल 16 साल बताया गया है. उन्होंने अक्टूबर 2010 से फरवरी 2015 तक सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, मार्च 2015 से जनवरी 2019 तक ग्रुप सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और फरवरी 2019 से वर्तमान तक ग्रुप प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी संभाली है. उनका काम मुंबई, महाराष्ट्र और गुजरात से जुड़ा रहा है.

धनराज परिमल नथवानी रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड में जनवरी 2022 से वर्तमान तक निदेशक हैं. इसका स्थान जामनगर बताया गया है. इसके अलावा वह रिलायंस प्रोजेक्ट्स एंड प्रॉपर्टी मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड में अक्टूबर 2020 से वर्तमान तक निदेशक हैं. उनका लंबा पेशेवर जुड़ाव रिलायंस समूह के साथ रहा है.
 
धनराज परिमल नथवानी का जुड़ाव खेल क्षेत्र से भी रहा है. वह नवंबर 2022 से गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं. सितंबर 2019 से वर्तमान तक गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष का भी रहे है, जिसका स्थान अहमदाबाद, गुजरात रहा है. इसके अलावा जनवरी 2019 से वह गुजरात स्टेट बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ के सदस्य हैं. अक्टूबर 2016 से वर्तमान तक वह द्वारकाधीश मंदिर व्यवस्थापन समिति, द्वारका के उपाध्यक्ष भी हैं.
 

ये भी पढ़ें:मैं PDA में फिट... विनोद चतुर्वेदी ने इसलिए सपा छोड़ने का किया फैसला, अब बताई असल वजह