NEET पेपर लीक मामले पर पहली बार सामने आया पीएम मोदी का रिएक्शन, दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए मांगा इन लोगों का समर्थन

यूपी तक

21 Jul 2026 (अपडेटेड: 21 Jul 2026, 04:14 PM)

PM Modi on NEET Paper: नीट पेपर लीक विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा बयान देते हुए इसे युवाओं के भविष्य के साथ 'घोर पाप' बताया. पीएम ने 13 आरोपियों की गिरफ्तारी, री-एग्जाम, सख्त सजा और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी व फुलप्रूफ बनाने पर जोर दिया.

PM Modi

PM Modi

Google CTA

PM Modi on NEET Paper: नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश भर में जारी सियासी घमासान जारी है. जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा संदेश दिया है. संसद के मानसून सत्र के दौरान आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक जैसे अपराध को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और 'घोर पाप' करार दिया. पीएम मोदी ने साफ किया कि सरकार ने मामला सामने आते ही तुरंत एक्शन लिया और 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा. प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि यह मुद्दा किसी एक राज्य, केंद्र सरकार या किसी राजनीतिक दल का नहीं है बल्कि पूरे देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा है. उन्होंने विपक्ष से भी इस संवेदनशील मुद्दे पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करने और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह फुलप्रूफ बनाने की अपील की है.

यह भी पढ़ें...

13 आरोपी जेल में, बिना देरी सफलता पूर्वक कराया गया री-एग्जाम

एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट पेपर लीक पर सरकार द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी. पीएम मोदी ने बताया कि जैसे ही पेपर लीक की जानकारी मिली, जांच एजेंसियों को तुरंत सक्रिय किया गया. अब तक इस घिनौने अपराध में शामिल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

लाखों छात्रों के भविष्य और उनके साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने नीट का री-एग्जाम कराने को प्राथमिकता दी. इस परीक्षा को सफलता पूर्वक संपन्न कराया गया और इसके परिणाम घोषित करने में भी कोई विलंब नहीं किया गया.

वकील आगे आएं ताकि दोषियों को मिले सख्त से सख्त सजा

प्रधानमंत्री ने पेपर लीक माफिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को और अधिक सख्त करने पर जोर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के सपनों को तोड़ने वाले और इस अवैध धंधे में लिप्त लोगों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो नजीर बने. उन्होंने कहा कि देश के टॉप क्लास वकीलों को भी ऐसे मामलों में आगे आकर सहयोग देना चाहिए ताकि कानूनी दांव-पेचों का फायदा उठाकर कोई भी दोषी बच न सके और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.

यह दलगत राजनीति का विषय नहीं, पूरे देश की चिंता है-पीएम मोदी

पेपर लीक की समस्या को राष्ट्रीय मुद्दा बताते हुए प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से कहा कि पेपर लीक किसी एक राज्य या किसी एक पार्टी की सरकार का मामला नहीं है. पूरे देश में जहां कहीं भी इस तरह के धंधे में लोग शामिल हैं उन्हें सजा दिलाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा.

संसद के मानसून सत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न पार्टियों के बीच राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं. लेकिन जब बात देश के भविष्य और युवाओं की हो, तो संसद के सभी सदस्यों को मिलकर काम करना चाहिए. यह दलगत राजनीति का विषय नहीं बल्कि परीक्षा प्रणाली को फुलप्रूफ और पारदर्शी बनाने का राष्ट्रीय दायित्व है.

परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने और मानसून सत्र पर एनडीए का रुख

भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली और सिक्योरिटी मैकेनिज्म को और ज्यादा मजबूत व पारदर्शी बनाया जा रहा है. एनडीए संसदीय दल ने तय किया है कि मानसून सत्र के दौरान सरकार देश और जनहित से जुड़े सभी विधायी कार्यों (बिल्स) को एकजुट होकर संसद में पारित कराएगी और देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएगी.