समाजवादी पार्टी (एसपी) अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के मिशन यूपी पर एक छोटा ब्रेक लगता दिख रहा है. यह ब्रेक लगा है कोरोना संक्रमण की वजह से. असल में अखिलेश की पत्नी और पूर्व सांसद डिंपल यादव और उनकी बेटी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई हैं. हालांकि अखिलेश यादव की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन एहतियातन उन्होंने खुद को तीन दिनों के लिए सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर कर लिया है.
ADVERTISEMENT
यही वजह है कि अखिलेश यादव गुरुवार को एसपी-आरएलडी के अलीगढ़ के बहुप्रतिक्षित कार्यक्रम में भी फिजिकली शामिल नहीं हुए.
अखिलेश ने गुरुवार को ट्वीट करके इस बाबत जानकारी दी. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘परिवार के लोगों के कोरोना पॉज़िटिव होने की वजह से हम तीन दिनों के लिए एहतियात बरतते हुए सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाएँगे. आज की इगलास की ‘सपा-रालोद’ की संयुक्त रैली की अपार सफलता के लिए शुभकामनाएँ व सभी कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह और ऊर्जा से सक्रिय रहने की अपील.’
इस ट्वीट के साथ अखिलेश यादव ने अपनी कोरोना जांच रिपोर्ट की कॉपी भी लगाई है, जो कि निगेटिव है. अखिलेश यादव इस क्रम में सैफई से लखनऊ निकल गए हैं. अब वह 3 दिनों तक आइसोलेट रहेंगे. आपको बता दें कि इससे पहले अखिलेश यादव के परिवार के कोरोना संक्रमित होने की खबर मिलने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनसे फोन पर बात भी की है.
सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल और उनकी बेटी के संक्रमित होने की सूचना पर संज्ञान लेते हुए बुधवार को फोन पर एसपी अध्यक्ष से हालचाल पूछा. सीएम योगी ने सभी के जल्दी स्वस्थ होने की कामना भी की.
ADVERTISEMENT










