Gen-Z के नाम CM योगी की पाती, बोले- युवा शक्ति यूपी की सबसे बड़ी पूंजी, संकल्प से हर लक्ष्य होगा हासिल    

यूपी तक

• 11:37 AM • 17 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के नाम अपनी पाती में आत्मनिर्माण से लेकर राष्ट्रनिर्माण तक की बात कही है. उन्होंने युवाओं से कहा कि प्रदेश सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर दे रही है और अब जरूरत है कि किशोर व युवा इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएं.

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath (File Photo)

Google CTA

CM Yogi Gen Z Message: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के नाम अपनी पाती में आत्मनिर्माण से लेकर राष्ट्रनिर्माण तक की बात कही है. उन्होंने युवाओं से कहा कि प्रदेश सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर दे रही है और अब जरूरत है कि किशोर व युवा इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएं. सीएम योगी ने युवाओं को नियमित योग और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह देते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और अनुशासन ही विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की ताकत हैं.

यह भी पढ़ें...

पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने पर बधाई

सीएम योगी की यह पाती हर घर तिरंगा अभियान के तहत पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य हासिल करने के संदर्भ में भी है. उन्होंने इसके लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी. युवाओं पर फोकस करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार उनके आगे बढ़ने के लिए कई अवसर उपलब्ध करा रही है. उन्होंने किशोरों और युवाओं से इन अवसरों का सही इस्तेमाल करने की अपील की.
 

‘युवा शक्ति यूपी की सबसे बड़ी पूंजी’

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए लिखा, 'आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का महती दायित्व आपके कंधों पर है.' उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन और संकल्प से ही विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है. सीएम योगी ने कहा कि 'यही युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है.' उन्होंने युवाओं से अपने व्यक्तिगत लक्ष्यों को राष्ट्रनिर्माण के बड़े उद्देश्य से जोड़ने की अपील की.

व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

सीएम योगी ने अपनी पाती में युवाओं से नियमित योग और व्यायाम करने को कहा. उनका कहना है कि मजबूत शरीर और अनुशासित जीवन युवाओं को अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने में मदद करता है. उन्होंने युवाओं से कहा कि अपने संकल्प को मजबूत करने के लिए योग और व्यायाम को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं. मुख्यमंत्री ने किशोरावस्था और युवावस्था को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर भी बताया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि किशोरावस्था और युवावस्था में व्यक्ति के सपने आकार लेते हैं और इसी दौरान उसके व्यक्तित्व का निर्माण होता है. उन्होंने लिखा कि इस उम्र में कुछ कर गुजरने की इच्छा सबसे ज्यादा होती है. युवाओं की ऊर्जा केवल उनका अपना भविष्य नहीं बनाती, बल्कि समाज और देश को भी नई दिशा दे सकती है. इसलिए इस ऊर्जा को सही दिशा में लगाने की जरूरत है.

शंकराचार्य से विवेकानंद तक का दिया उदाहरण

युवाओं को प्रेरित करने के लिए सीएम योगी ने आदि शंकराचार्य से लेकर स्वामी विवेकानंद तक के उदाहरण दिए. उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने कम उम्र में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश दुनिया तक पहुंचाया. मुख्यमंत्री के मुताबिक भारत का इतिहास ऐसे युवाओं से भरा है, जिन्होंने अपनी छोटी उम्र के बावजूद बड़े संकल्प और सामर्थ्य का परिचय दिया. उन्होंने कहा कि इनका जीवन यह सिखाता है कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन संकल्प और सामर्थ्य बड़े होने चाहिए.

26 साल की उम्र का अपना उदाहरण भी बताया

सीएम योगी ने अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए खुद का उदाहरण भी दिया. उन्होंने लिखा कि '26 साल की उम्र में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुआ और जनसेवा का व्रत लिया.' मुख्यमंत्री ने कहा कि तब से अब तक उनके सामने राष्ट्रसेवा और जनसेवा के यही आदर्श सर्वोपरि रहे हैं. उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता. उनके मुताबिक जब संकल्प दृढ़ होता है तो बड़े से बड़े और असंभव लगने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं.