100 ग्राम प्रधानों के साथ मिल भाजपा MLA बृजभूषण राजपूत ने किया था मंत्री स्वतंत्र देव का घेराव, अब बढ़ गईं उनकी मुश्किलें!

कुमार अभिषेक

07 Feb 2026 (अपडेटेड: 07 Feb 2026, 09:30 AM)

Up Political News: यूपी Tak के शो 'आज का यूपी' में जानें नसीमुद्दीन सिद्दीकी की सपा में एंट्री के संकेत, मौलाना बरेलवी द्वारा सीएम योगी की तारीफ और भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत को मिले नोटिस का सटीक विश्लेषण.

BJP MLA Brijbhushan Rajpoot

BJP MLA Brijbhushan Rajpoot

Google CTA

UP Political News: यूपी Tak का खास शो 'आज का यूपी' राज्य की राजनीतिक और सामाजिक हलचलों का सबसे सटीक विश्लेषण लेकर आता है. आज के एपिसोड में हम प्रदेश की तीन बड़ी और अहम खबरों पर चर्चा कर रहे हैं. पहली बड़ी खबर दिग्गज नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के अगले राजनीतिक कदम को लेकर है, जिनके इशारे अब समाजवादी पार्टी की ओर हैं. दूसरी खबर में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर की गई तारीफ है, जिन्होंने योगी को अन्य भाजपा मुख्यमंत्रियों से बेहतर बताया है. वहीं तीसरी खबर में चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं, जिन्हें अपनी ही सरकार के मंत्री का रास्ता रोकने पर पार्टी ने कारण बताओ नोटिस थमाया है.

यह भी पढ़ें...

नसीमुद्दीन सिद्दीकी का अगला ठिकाना 'साइकिल'? अखिलेश से बातचीत के संकेत

बसपा के कद्दावर नेता रहे और पिछले 5 सालों से कांग्रेस में सक्रिय नसीमुद्दीन सिद्दीकी अब पाला बदलने की तैयारी में नजर आ रहे हैं. यूपी Tak के खास पॉडकास्ट में सिद्दीकी ने इशारों-इशारों में स्वीकार किया है कि उनका झुकाव अब समाजवादी पार्टी की तरफ है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के दिल्ली से लखनऊ लौटने पर उनसे मुलाकात और बातचीत हो सकती है. हालांकि उन्होंने इसे आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया, लेकिन उनके पुराने साथियों (बाबू सिंह कुशवाहा, लालजी वर्मा आदि) का सपा में होना इस बात को और पुख्ता करता है कि नसीमुद्दीन की अगली पारी अखिलेश यादव के साथ शुरू हो सकती है.

मुख्यमंत्री योगी के मुरीद हुए मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी, बताया निष्पक्ष

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी का एक बयान चर्चा का विषय बना हुआ है. अक्सर सरकार की आलोचना करने वाले मौलाना ने इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ का कोई 'एंटी-मुस्लिम' एजेंडा नहीं है और वे निष्पक्ष रूप से काम कर रहे हैं. मौलाना ने सीएम योगी की तुलना असम और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों से करते हुए कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था का फायदा मुसलमानों को भी मिल रहा है. उनके मुताबिक, मुस्लिम समाज में योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता और स्वीकार्यता बढ़ रही है. 

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का रास्ता रोकना पड़ा भारी, विधायक बृजभूषण राजपूत को नोटिस

भाजपा ने अनुशासनहीनता के मामले में अपने ही विधायक बृजभूषण राजपूत के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. महोबा की चरखारी सीट से विधायक राजपूत ने 100 ग्राम प्रधानों के साथ पिछले दिनों जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का रास्ता रोककर सड़क पर ही तीखी नोकझोंक की थी. उन्होंने 'हर घर नल जल' योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मंत्री की सरेआम फजीहत की थी. इस घटना को गंभीरता से लेते हुए भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें नोटिस जारी कर एक हफ्ते के भीतर जवाब मांगा है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या 2027 के चुनाव से पहले बृजभूषण राजपूत कोई नया ठिकाना ढूंढ रहे हैं या पार्टी उन पर कड़ी कार्रवाई करेगी.

यहां देखें पूरा शो