यूपी विधान परिषद की इन 11 सीटों पर कौन मारेगा बाजी? देखें भाजपा-सपा प्रत्याशियों की पूरी लिस्ट

यूपी तक

• 05:05 PM • 29 Sep 2026

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए सपा और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है. इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. दोनों दलों ने सभी सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं.

UP Tak
Google CTA

UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इन सीटों पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आमने-सामने हैं. चुनाव में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.

यह भी पढ़ें...

दोनों दलों ने सभी 11 सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. इनमें लखनऊ, आगरा, मेरठ-सहारनपुर, वाराणसी-मिर्जापुर और इलाहाबाद-झांसी की स्नातक सीटें हैं. शिक्षक सीटों में लखनऊ, मेरठ-गाजियाबाद, बरेली-मुरादाबाद, वाराणसी-मिर्जापुर, आगरा-अलीगढ़ और गोरखपुर-फैजाबाद शामिल हैं.

स्नातक सीटों पर किसके बीच मुकाबला?

लखनऊ खंड स्नातक सीट से सपा ने क्रांति सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा की ओर से अवनीश कुमार सिंह मैदान में हैं. आगरा खंड स्नातक सीट पर सपा के शशांक यादव और भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के बीच मुकाबला है.

मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक सीट से सपा ने प्रमेंद्र भाटी को टिकट दिया है. भाजपा ने यहां दिनेश गोयल को उम्मीदवार बनाया है. वाराणसी-मिर्जापुर खंड स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा के सामने भाजपा के केदार नाथ सिंह हैं. इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट से सपा ने डॉ. मान सिंह को उतारा है. इस सीट पर भाजपा के अशोक कुमार राठौर उम्मीदवार हैं.

शिक्षक सीटों पर भी सीधा मुकाबला

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ सीट से सपा ने सुशील कुमार पटेल को प्रत्याशी बनाया है. भाजपा ने यहां उमेश द्विवेदी पर भरोसा जताया है. मेरठ-गाजियाबाद शिक्षक सीट पर सपा के नितिन कुमार तोमर और भाजपा के श्रीचंद शर्मा आमने-सामने हैं.

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से सपा ने हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर को उम्मीदवार बनाया है. भाजपा की ओर से डॉ. हरी सिंह ढिल्लो चुनाव लड़ रहे हैं.

वाराणसी-मिर्जापुर शिक्षक सीट पर सपा ने लाल बिहारी यादव को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने डॉ. प्रमोद मिश्रा को मैदान में उतारा है. आगरा-अलीगढ़ शिक्षक सीट से सपा के डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता और भाजपा के इंजीनियर हरी किशोर तिवारी के बीच मुकाबला होगा. 

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर सपा ने कमलेश यादव को उम्मीदवार बनाया है. भाजपा ने यहां ध्रुव त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है.

 

निर्वाचन क्षेत्र सपा प्रत्याशी BJP प्रत्याशी स्थिति
लखनऊ स्नातक कांति सिंह अवनीश कुमार सिंह आमने-सामने
आगरा स्नातक शशांक यादव डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह आमने-सामने
मेरठ-सहारनपुर स्नातक प्रमेंद्र भाटी दिनेश गोयल आमने-सामने
वाराणसी-मिर्जापुर स्नातक आशुतोष सिन्हा केदार नाथ सिंह आमने-सामने
इलाहाबाद-झांसी स्नातक डॉ. मान सिंह अशोक कुमार राठौर आमने-सामने
लखनऊ शिक्षक सुशील कुमार पटेल उमेश द्विवेदी आमने-सामने
मेरठ-गाजियाबाद शिक्षक नितिन कुमार तोमर श्रीचंद शर्मा आमने-सामने
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर डॉ. हरि सिंह ढिल्लो आमने-सामने
वाराणसी-मिर्जापुर शिक्षक लाल बिहारी यादव डा प्रमोद मिश्रा आमने-सामने
आगरा-अलीगढ़ शिक्षक डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता इंजी हरी किशोर तिवारी आमने-सामने
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक कमलेश यादव ध्रुव त्रिपाठी आमने-सामने

23 अक्टूबर को होगा मतदान

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, इन 11 विधान परिषद सीटों के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी होगी. नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है. नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे.

इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा. वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी. चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी होनी है. संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो चुकी है.

11 सीटों पर होने वाला चुनाव क्यों अहम?

इन चुनावों में विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक सीटें शामिल हैं. 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले इन सीटों पर सपा और भाजपा के बीच मुकाबला दोनों दलों के लिए अहम राजनीतिक चुनाव है. हालांकि इन चुनावों का मतदाता आधार सामान्य विधानसभा चुनाव से अलग होता है.