Opinion: सपा देती है आतंकियों को... BJP पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव का समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला

Opinion: आजमगढ़ के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' का विशेष ओपिनियन. यूपी एटीएस द्वारा मोहम्मद शेख की गिरफ्तारी पर निरहुआ ने समाजवादी पार्टी पर आतंकियों को आश्रय देने का आरोप लगाया और कहा कि यूपी में 'बाबा' की सरकार जिहादी मानसिकता की गर्मी शांत कर देगी.

Dinesh Lal Yadav

Dinesh Lal Yadav

यूपी तक

• 12:17 PM • 06 Jun 2026

follow google news

Opinion: भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार और बीजेपी नेता दिनेश लाल यादव निरहुआ ने आजमगढ़ के संजरपुर में आतंकी गतिविधियों को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा आतंकियों को आश्रय देती है. आजमगढ़ से लोकसभा सांसद रहे दिनेश लाल यादव का एक ताजा वीडियो सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि सपा की वजह से जिहादी मानसिकता को खुराक मिलती है.

यह भी पढ़ें...

संजरपुर आतंक के लिए रहा कुख्यात, लोगों में खौफ था- दिनेश लाल यादव

दिनेश लाल यादव ने वीडियो की शुरूआत में जय हो आजमगढ़ कहते हुए अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि आजमगढ़ जिले का संजरपुर आतंक के लिए कुख्यात रहा है, लोगों में खौफ था. यहीं से ISI और पाकिस्तान के गैंगेस्टर से कनेक्शन रखने वाले युवक मोहम्मद शेख को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया है. मोहम्मद शेख जिहादी मानसिकता से प्रभावित था.

'सपा की हार से जिहादियों को नहीं मिल रही थी खुराक'- पूर्व भाजपा सांसद

दिनेश लाल यादव ने कहा कि आजमगढ़ में जब-जब सपा मजबूत रही तब-तब जिहादी मानसिकता को मजबूती मिली है. यहां सपा की मजबूती के चलते आतंकवादी और गैंगेस्टर खूब पनपे. इसके तथ्य भी हैं. लेकिन जब यहां सपा हारी तो आजमगढ़ में आतंकियों का मनोबल कमजोर पड़ गया था. जिहादियों को खुराक मिलनी बंद हो गई थी, सब शांत हो गए थे लेकिन जैसे ही आजमगढ़ में सपा को लोकसभा चुनाव में फिर से जीत मिली तो संजरपुर में जिहादी मानसिकता को एकबार फिर से खुराक मिलनी शुरू हो गई है.

'यूपी में बाबा की सरकार है, गर्मी शांत कर देंगे'-दिनेश लाल यादव

भाजपा के पूर्व सांसद ने कहा कि सपा की जीत से जिहादी मानसिकता फिर से जोर मार रही है. उन्होंने कहा कि यूपी ATS की कार्रवाई से पता चलता है कि आतंकी की नर्सरी यहां फल-फूल रही है. सूबे की योगी सरकार को लेकर दिनेश लाल यादव ने कहा, "जिहादी मानसिकता रखने वालों को एकबात को अच्छे से गांठ बांध लेना चाहिए कि यूपी में बाबा की सरकार है और बाबा मई-जून की गर्मी को भी शिमला बना देते हैं."

आतंक के खिलाफ UP ATS की बड़ी कार्रवाई

बता दें कि यूपी एटीएस ने हाल ही में आजमगढ़ जिले में निजामाबाद के खुदादादपुर गांव के रहने वाले मो. शेख को गिरफ्तार किया है. उसका कनेक्शन पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है. वह अपने साथियों एवं अन्य लोगों को भी इस आतंकी गैंग में शामिल कर आतंकी घटना अंजाम देने की फिराक में था.

ओपी राजभर ने भी की थी UP ATS की तारीफ

वहीं दिनेश लाल यादव से पहले योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने भी यूपी एटीएस की इस कार्रवाई को लेकर तारीफ की थी. उन्होंने कहा है कि जो लोग देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं, ऐसे लोगों की गिरफ्तारी पर हम यूपी एटीएस की सराहना करते हैं. ऐसे लोगों पर सख्त एक्शन हो.

लेखक: दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ (लेखक आजमगढ़ के पूर्व सांसद, भाजपा नेता हैं.)