PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन गुरुवार को वाराणसी में खास अंदाज में मनाया जा रहा है. पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में 76 युवा पुजारियों ने गंगा तट पर विशेष पूजा-अर्चना की और मां गंगा का दुग्ध अभिषेक कर प्रधानमंत्री की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना की.
ADVERTISEMENT
इस धार्मिक कार्यक्रम का नेतृत्व स्थानीय बीजेपी विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी ने किया. गंगा किनारे 76 बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक विधि-विधान से पूजा की. कार्यक्रम में शामिल कई लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें भी हाथ में लिए नजर आए.
76 बटुकों ने किया गंगा का दुग्ध अभिषेक
नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन सेवा, आध्यात्मिक आस्था और जनकल्याण पर केंद्रित कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 76 बटुकों ने मां गंगा का दुग्ध अभिषेक किया और प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य व लंबी उम्र की प्रार्थना की.
उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं में गंगा का विशेष स्थान है. प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गंगा की पूजा और उनकी लंबी व स्वस्थ जिंदगी के लिए प्रार्थना को काशी की आस्था और परंपराओं से जोड़कर देखा गया.
500 लोग, 250 बाइक और वाराणसी से वडनगर तक सफर
दिनभर वाराणसी में कई और कार्यक्रम भी होने हैं. इनमें सबसे खास 'सेवा संकल्प' मोटरसाइकिल यात्रा है. यात्रा वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक जाएगी. इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के समर्पित सार्वजनिक जीवन के अवसर पर आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' का हिस्सा बताया गया है.
यात्रा को वाराणसी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर से रवाना किया जाएगा. करीब 500 लोग 250 मोटरसाइकिलों पर यात्रा में शामिल होंगे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे हरी झंडी दिखाएंगे.
यात्रा से पहले गंगा जल लेकर पहुंचेंगे काशी विश्वनाथ मंदिर
मोटरसाइकिल यात्रा शुरू होने से पहले इसमें शामिल 51 सेवा स्वयंसेवक ललिता घाट पहुंचेंगे. वहां से गंगाजल लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे और पूजा-अर्चना व जलाभिषेक करेंगे. इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, 11 कुंडों पर हवन, प्रतिभागियों का तिलक, डमरू वादन और संतों का आशीर्वाद भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा.
50 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा
वाराणसी से शुरू होने वाली मोटरसाइकिल यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजरेगी और गुजरात के वडनगर पहुंचेगी. वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मस्थान है.
वाराणसी में होने वाले इन कार्यक्रमों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के शामिल होने की उम्मीद है. इनके अलावा उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कई राज्य मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
ADVERTISEMENT











