Sitapur Crime News: सीतापुर में महिला दरोगा के सरकारी आवास पर आधी रात हंगामा, आरोपी उपनिरीक्षक गिरफ्तार

Sitapur Crime News: सीतापुर में आधी रात महिला दरोगा के सरकारी आवास पर पहुंचे एक उपनिरीक्षक के हंगामे से पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई. दरवाजा तोड़ने की कोशिश और संदिग्ध व्यवहार के आरोप के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

Sitapur SI Arrested

Newzo

• 01:59 PM • 02 Jun 2026

follow google news

Sitapur Crime News: सीतापुर में एक महिला दरोगा के सरकारी आवास पर आधी रात हुए हंगामे ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी. महिला दरोगा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, 11वीं वाहिनी पीएसी में तैनात एक महिला दरोगा ने आरोप लगाया है कि उसी वाहिनी में तैनात रहे उपनिरीक्षक (गोपनीय) आशीष चंद्र दुबे 30 मई की रात करीब 1:35 बजे उनके सरकारी आवास पर पहुंचे और हंगामा करने लगे. महिला दरोगा का आरोप है कि आरोपी ने कई बार दरवाजा तोड़ने की कोशिश की तथा उसका व्यवहार बेहद संदिग्ध, असामान्य और भय पैदा करने वाला था.

महिला दरोगा सरकारी आवास में अकेली रहती हैं. घटना से घबराकर उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया और तत्काल 11वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना दी.सूचना मिलते ही सूबेदार मेजर आयुष राठौर समेत अन्य अधिकारी क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने आरोपी उपनिरीक्षक को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद महिला दरोगा ने राहत की सांस ली.

पीड़िता की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक आशीष चंद्र दुबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

यह घटना शहर और पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.