Sitapur Protest News: जिले की आदर्श नगर पंचायत तंबौर के अहमदाबाद पूर्वी वार्ड में प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ लोगों का अनोखा विरोध देखने को मिला. जर्जर सड़क और जलभराव से परेशान स्थानीय निवासियों ने बीच सड़क पर धान की रोपाई कर नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन किया.
ADVERTISEMENT
बारिश के बाद सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों और नगर पंचायत को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण व जलनिकासी की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
प्रशासन की उदासीनता से नाराज युवाओं और बुजुर्गों ने कीचड़ से भरी सड़क पर धान की पौध लगाकर विरोध दर्ज कराया और नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब सड़क की हालत खेत जैसी हो गई है, तो उसमें धान की खेती ही कर ली जाए.
इस प्रदर्शन में आकिब अंसारी, अतहर अंसारी, रिजवान, सोनू, इरफान, इमरान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे. प्रदर्शनकारियों ने सड़क का तत्काल निर्माण कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा. साथ ही उन्होंने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की.
ADVERTISEMENT











