Sitapur News: नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी हाई मास्ट लाइटों तथा मोहल्ला ब्रह्मपुरी की जर्जर सड़क की समस्या को लेकर आजाद अधिकार सेना सीतापुर के जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की
ADVERTISEMENT
अंधेरे से बढ़ रही परेशानी
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र के कई स्थानों पर हाई मास्ट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं. इसके कारण रात के समय अंधेरा रहने से आम नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है.
ब्रह्मपुरी की सड़क बनी मुसीबत
नवल किशोर मिश्रा ने बताया कि मोहल्ला ब्रह्मपुरी की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा क्षेत्र में लगी हाई मास्ट लाइट भी लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे रात के समय पूरे इलाके में अंधेरा छाया रहता है.
जल्द समाधान की उठाई मांग
आजाद अधिकार सेना ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र की सभी खराब हाई मास्ट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, मोहल्ला ब्रह्मपुरी की जर्जर सड़क का निर्माण अथवा मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए तथा ब्रह्मपुरी की बंद हाई मास्ट लाइट को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.
ADVERTISEMENT











