Sitapur News: आज़ाद अधिकार सेना की जिला इकाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर के आह्वान पर सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन से अब तक हुए वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराने और स्थायी सार्वजनिक पारदर्शिता व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर भारत की राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी सीतापुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा.
ADVERTISEMENT
ज्ञापन में कहा गया कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण के लिए बड़ी मात्रा में धन और मूल्यवान सामग्री दान की है. ऐसे में ट्रस्ट के कामकाज में सर्वोच्च स्तर की पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है.
पार्टी का कहना है कि हालिया घटनाक्रमों और सामने आई जांच संबंधी जानकारियों ने ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन, दान राशि के उपयोग, संपत्तियों की सुरक्षा, आंतरिक नियंत्रण प्रणाली और सार्वजनिक जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं. इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए ट्रस्ट के गठन से अब तक प्राप्त दान, किए गए व्यय, प्रमुख खरीद, ठेकों, भूमि लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णयों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने की मांग की गई है.
आज़ाद अधिकार सेना ने यह भी कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर पूर्व में भी ट्रस्ट के वित्तीय अभिलेखों और ऑडिट व्यवस्था को सार्वजनिक किए जाने का मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है.
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा, चंद भान सक्सेना, प्रदीप कुमार माथुर, सुशील कुमार मिश्रा, आदित्य सिंह और विजय कुमार गुप्ता सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT











