Sitapur News: एटीसी कमांडेंट के बंगले पर कार्यरत कर्मचारी शैलेन्द्र पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की.
ADVERTISEMENT
मृतक शैलेन्द्र पाल थाना खैराबाद क्षेत्र के राजापुर चिलवरा गांव के निवासी थे. उनकी पत्नी सरिता पाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि चोरी के संदेह में उनके पति के साथ मारपीट की गई.
शिकायत के अनुसार, उन्हें दो दिनों तक अवैध रूप से हिरासत में रखकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. साथ ही उनसे कथित तौर पर पांच लाख रुपये की मांग की गई तथा उनका मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपने कब्जे में रख लिए गए.
परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना और दबाव से परेशान होकर शैलेन्द्र पाल ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपितों के खिलाफ हत्या, अवैध हिरासत, मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की. उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की भी मांग उठाई.
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से प्राप्त शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











