Saharanpur kawad Yatra : आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सहारनपुर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (ट्रैफिक), पुलिस मुख्यालय लखनऊ ने की, जिसमें सहारनपुर परिक्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया.
ADVERTISEMENT
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को रोकने के लिए पहले से प्रभावी रणनीति तैयार की जाए.
गोष्ठी में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक शामली, पुलिस अधीक्षक नगर सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक यातायात सहारनपुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने तथा ट्रैफिक संचालन को सुचारु बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
साथ ही एंबुलेंस, फायर सर्विस, मेडिकल टीम और अन्य आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रखने पर भी जोर दिया गया. अपर पुलिस महानिदेशक (ट्रैफिक) ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाए.
ADVERTISEMENT










