Raebareli Road Accident: रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, 8 महीने की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

Lucknow-Prayagraj Highway Accident: रायबरेली के लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शिवम सिंह (33) की दर्दनाक मौत हो गई. जमालपुर के पास हुई इस भीषण दुर्घटना में युवक की मौके पर ही जान चली गई. शिवम की असामयिक मृत्यु से उसकी आठ माह की बेटी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Raebareli News

Newzo

• 10:13 AM • 03 Jun 2026

follow google news

  Raebareli News: रफ्तार के कहर ने एक बार फिर हाईवे पर खून की होली खेली है. लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार की देर शाम एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में मटियामेट कर दीं. भदोखर थाना क्षेत्र के जमालपुर के पास मौत बनकर दौड़े एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही रूह कांप देने वाली मौत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक हवा में कई फीट उछलकर सीधे डिवाइडर से जा टकराया. सिर के चिथड़े उड़ने और अंदरूनी चोटों के कारण उसने तड़प-तड़प कर मौके पर ही दम तोड़ दिया. अंधेरे का फायदा उठाकर हत्यारा चालक वाहन समेत रफूचक्कर हो गया.

यह भी पढ़ें...

 घर लौट रहा था 'शिवम', पर रास्ते में ही मिल गया 'काल'

मिली जानकारी के अनुसार,कचौंदा मोहद्दीनपुर के गोठांव गांव का रहने वाला शिवम सिंह (33) पुत्र शिव विशाल सिंह मंगलवार रात अपनी बाइक से घर वापस लौट रहा था. वह अपने घर की दहलीज से कुछ ही दूरी पर था कि तभी जमालपुर के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. चीख-पुकार के बीच जब तक राहगीर कुछ समझ पाते, तब तक शिवम लहूलुहान हालत में दम तोड़ चुका था. हादसे की खबर मिलते ही गांव और परिवार में कोहराम मच गया. बदहवास परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.

 मासूम के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

इस हादसे का सबसे कलेजा चीर देने वाला पहलू यह है कि शिवम की शादी महज दो साल पहले ही हुई थी. घर में आठ महीने की एक मासूम बेटी है, जिसे अभी यह भी नहीं पता कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है. तीन भाइयों में सबसे बड़े शिवम के कंधों पर ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी. मां का साया तीन साल पहले ही सिर से उठ चुका था, और अब जवान बेटे की लाश देखकर बूढ़े पिता शिव विशाल सिंह सदमे में चले गए हैं.

घटना की सूचना पर पहुंची भदोखर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. रात करीब साढ़े दस बजे जब शिवम का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया, तो वहां मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों और परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे. बुधवार को गोठांव गांव में चूल्हा तक नहीं जला, चारों तरफ सिर्फ मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है. भदोखर SHO राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि युवक की मौत वाहन की टक्कर के बाद डिवाइडर से सिर टकराने की वजह से हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं. जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.