Lekhpal Paper Leak: प्रयागराज में लेखपाल भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोपों के बीच सड़कों पर उतरे हजारों छात्र, फिर ये सब कहा

प्रयागराज में लेखपाल भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के आरोपों को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकाला. छात्रों ने री-एग्जाम और स्कोर कार्ड जारी करने की मांग करते हुए सरकार और आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया.

यूपी तक

• 12:47 PM • 30 May 2026

follow google news

Lekhpal Bharti Exam: उत्तर प्रदेश में लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर कथित पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बीच अभ्यर्थियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. इसी कड़ी में 29 मई की शाम प्रयागराज में सैकड़ों प्रतियोगी छात्रों ने परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. छात्रों ने मोमबत्तियां, तिरंगा और पोस्टर लेकर कैंडल मार्च निकाला और री-एग्जाम कराओ और धांधली नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए.

यह भी पढ़ें...

प्रयागराज में कैंडल मार्च और भारी भीड़ का प्रदर्शन

प्रदर्शन की शुरुआत मनमोहन पार्क चौराहा (कटरा) से हुई, जो चंद्रशेखर आजाद पार्क तक पहुंचा. इस दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सड़क पर उतरे और पूरे इलाके में छात्रों की भारी भीड़ देखने को मिली. प्रदर्शन के दौरान रात का दृश्य मोमबत्तियों की रोशनी से भर गया, जिसे छात्रों ने मोमबत्ती जुलूस और मोमबत्ती दिवस का नाम दिया. छात्रों का कहना था कि वे किसी भी कीमत पर न्याय की मांग को लेकर आगे बढ़ते रहेंगे. प्रदर्शन के दौरान कई बार माहौल भावुक और आक्रोशित दोनों दिखाई दिया.

री-एग्जाम और जांच की मांग पर अड़े अभ्यर्थी

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि लेखपाल भर्ती परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराई जाए. उनका आरोप है कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और इसके सबूत सोशल मीडिया पर भी मौजूद हैं.

छात्रों ने यह भी मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आयोग तुरंत हस्तक्षेप करे. उनका कहना है कि जब तक री-एग्जाम की घोषणा नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा.

परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ी का आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार धांधली और पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं. उन्होंने नीट, टीईटी और अन्य भर्ती परीक्षाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है.

छात्रों के अनुसार, यह केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे भर्ती और परीक्षा तंत्र की पारदर्शिता पर सवाल उठाता है. उनका कहना है कि देश में लाखों पद खाली होने के बावजूद भर्तियां समय पर नहीं निकल रही हैं, जिससे बेरोजगारी बढ़ रही है.

स्कोर कार्ड और अन्य भर्तियों पर भी सवाल

अभ्यर्थियों ने यूपीएसआई भर्ती के स्कोर कार्ड जारी न किए जाने पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने मांग की कि सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और परिणाम समय पर घोषित किए जाएं.

इसके साथ ही एसएससी जीडी परीक्षा को लेकर भी छात्रों ने सवाल उठाए और सभी भर्ती परीक्षाओं में समान पारदर्शिता की मांग की. उनका कहना है कि परीक्षाओं में गड़बड़ी होने पर भी उचित कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है.

सरकार और आयोग का पक्ष

दूसरी ओर, आयोग और प्रशासन की ओर से यह कहा गया है कि लेखपाल भर्ती परीक्षा में किसी भी तरह की पेपर लीक की घटना नहीं हुई है. प्रशासन का दावा है कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे सभी आरोप भ्रामक हैं. सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और कई मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं.

छात्रों की नाराजगी और आगे की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और भी बड़ा रूप ले सकता है. कुछ अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो इससे भी बड़ा कदम उठाया जाएगा.

छात्रों का कहना है कि वे वर्षों से तैयारी कर रहे हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक और गड़बड़ी के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और न्याय दिलाएं.

यह भी पढ़ें: क्या यूपी में तय समय से पहले हो सकते हैं विधानसभा चुनाव? नवंबर-दिसंबर में वोटिंग की चर्चा तेज...