क्या विधानसभा की दहलीज तक पहुंच जाएंगे आलोक मौर्य? PCS ज्योति के पति ने कर ली नई तैयारी 

Alok Maurya Election News: ज्योति मौर्य के पति आलोक मौर्य अब नए अंदाज में नजर आ रहे हैं. सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर वे जनता के बीच सक्रिय हैं और 2027 के चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाश रहे हैं.

Photo: Jyoti Maurya and Alok Maurya

आनंद राज

• 04:02 PM • 06 May 2026

follow google news

Alok Maurya Election News: कभी अपनी निजी जिंदगी और पत्नी PCS ज्योति मौर्य के साथ विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे आलोक मौर्य अब सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हो रहे हैं. पैंट-शर्ट त्यागकर सफेद कुर्ता-पायजामा और कंधे पर गमछा डाले आलोक की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर उनके नए राजनीतिक झुकाव की गवाही दे रही हैं.

यह भी पढ़ें...

चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी!

आलोक मौर्य अब केवल विभाग तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि वे समाज और राजनीति में अपनी भूमिका तलाश रहे हैं. आलोक का दावा है कि लोग उन्हें चुनाव लड़ने की सलाह दे रहे हैं और कई जगहों पर उनका माला पहनाकर स्वागत भी किया जा रहा है. उन्होंने साफ संकेत दिया है कि अगर मौका मिला तो वे चुनावी मैदान में उतरने से पीछे नहीं हटेंगे. चर्चा है कि वे प्रतापगढ़ या अन्य किसी क्षेत्र से दावेदारी ठोक सकते हैं. वे अब खुद को सिर्फ एक पीड़ित पति के रूप में नहीं, बल्कि एक उभरते हुए सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पेश कर रहे हैं.

तनाव से उबरकर नई शुरुआत कर रहे आलोक

पारिवारिक विवादों के चलते आलोक मौर्य की सेहत पर काफी बुरा असर पड़ा था. मानसिक और शारीरिक परेशानियों के कारण वे लखनऊ के अस्पताल में भी भर्ती रहे. अब प्रयागराज में आयुर्वेदिक उपचार के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य दिनचर्या में लौट आए हैं. खास बात यह है कि राजनीति की संभावनाओं के बीच उन्होंने अपनी पढ़ाई नहीं छोड़ी है और वे अब भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हुए हैं.

पुराने विवाद से मिली नई दिशा

ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य का रिश्ता साल 2010 में शुरू हुआ था. लेकिन पेशेवर बदलावों के बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं. यह मामला प्रशासनिक जांच और सोशल मीडिया पर लंबी बहस का हिस्सा रहा. हालांकि, शिकायतें वापस लेने के बाद मामला कानूनी तौर पर शांत हो गया. लेकिन इस विवाद ने आलोक को एक नई पहचान और समर्थकों का एक बड़ा वर्ग दे दिया है. अब देखना यह होगा कि पैंट-शर्ट से कुर्ते तक का यह सफर आलोक मौर्य को विधानसभा या संसद की दहलीज तक पहुंचा पाता है या नहीं.

ये भी पढ़ें: अब जो भी कहूंगा... ADM ज्योति मौर्य के पति आलोक ने बीमार हालत में अस्पताल से करी अपील, कह दी ये बात