अतीक के बेटों ने किस बच्चे को लगाया था गले? अबान के जनाजे से सामने आईं भावुक तस्वीरें

यूपी तक

• 03:55 PM • 13 Aug 2026

Atiq Ahmed's sons: अबान अहमद के जनाजे में उमर अहमद और अली अहमद पैरोल पर प्रयागराज पहुंचे. कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दोनों भाइयों ने भावुक होकर अपने चचेरे भाई को गोद में लेकर दुलार किया.

UP Tak
Google CTA

Atiq Ahmed's sons: अतीक अहमद के दोनों बेटे उमर अहमद और अली अहमद सालों बाद एक-दूसरे से मिले. दोनों भाई 8 अगस्त 2026 को अपने छोटे भाई अबान अहमद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान पहुंचे थे. इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली पैरोल के बाद उमर और अली को अपनी-अपनी जेल से प्रयागराज लाया गया था.

यह भी पढ़ें...

अबान अहमद को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के दौरान दोनों भाई बेहद भावुक नजर आए. कभी अली अहमद रोते और बिलखते दिखाई दिए तो उमर उन्हें संभालते नजर आए. इसी तरह उमर और अली के छोटे भाई एहसम भी भावुक हुए, जिन्हें उमर संभालते दिखे.

चचेरे भाई को देखकर उमड़ा प्यार

इसी दौरान अली अहमद ने एक बच्चे को गोद में उठा लिया. वह बच्चे को दुलारते और पुचकारते नजर आए. कुछ देर बाद उमर अहमद ने बच्चे को अली की गोद से ले लिया और उसे अपने पास लेकर दुलार किया.

इन तस्वीरों के सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा कि आखिर यह बच्चा कौन है, जिसे अतीक अहमद के दोनों बेटे इतना प्यार और दुलार दे रहे हैं?

वीडियो में किए गए दावे के मुताबिक, यह बच्चा अतीक अहमद के भाई अशरफ का बेटा है. यानी उमर और अली अपने चचेरे भाई को गोद में लेकर दुलार रहे थे.

अशरफ की हत्या के बाद बच्चे ने खोया पिता

वीडियो में बताया गया है कि 15 अप्रैल 2023 को अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई थी. उस समय अशरफ का बेटा करीब 3 से 4 साल का था. अब हत्या की घटना को करीब तीन साल हो चुके हैं और बच्चा करीब 6 से 7 साल का बताया जा रहा है.

अशरफ के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और सबसे छोटा बेटा अब्दुल्लाह है. वीडियो में इसी बच्चे को अबान के अंतिम संस्कार के दौरान अतीक अहमद के बेटों के साथ दिखाए जाने का दावा किया गया है.

अतीक और अशरफ की मौत के बाद दोनों परिवारों की स्थिति

वीडियो में बताया गया है कि उमर और अली के पिता अतीक अहमद की मौत हो चुकी है, जबकि उनकी मां शाइस्ता परवीन फरार हैं. पुलिस की ओर से उन पर इनाम भी घोषित किया गया है.

वहीं, अतीक के भाई अशरफ की भी हत्या हो चुकी है और उनकी पत्नी भी फरार बताई गई हैं. वीडियो में कहा गया है कि अशरफ की पत्नी पर भी कई बार इनाम घोषित किया गया, लेकिन पुलिस उन्हें अब तक पकड़ नहीं पाई है.

ऐसे में अबान के अंतिम संस्कार के दौरान अतीक के दोनों बेटों का अपने चचेरे भाई से मिलना बेहद भावुक पल के तौर पर सामने आया.

झांसी हादसे में हुई थी अबान की मौत

अबान अहमद की मौत 6 अगस्त को झांसी हाईवे पर हुए सड़क हादसे में हुई थी. वीडियो के मुताबिक, अबान प्रयागराज से अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने के लिए झांसी जेल जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई.

हादसे में अबान अहमद और राजू खान की मौत हुई थी.

पैरोल पर प्रयागराज पहुंचे थे उमर और अली

अबान की मौत के बाद 7 अगस्त को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद और झांसी जेल में बंद अली अहमद को पैरोल की मंजूरी दी. इसके बाद 8 अगस्त को दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज लाया गया.

दोनों भाई अपने छोटे भाई अबान अहमद के जनाजे और सुपुर्द-ए-खाक में शामिल हुए. इसी दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें दोनों अपने चचेरे भाई को गोद में लेकर दुलारते नजर आए.