Aban Ahmed Friends Condition Update: झांसी में हुए सड़क हादसे में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और सोनू की मौत के बाद घायलों की हालत को लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई है. हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक जैद और उमर की तबीयत बिगड़ने के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है. जैद का इलाज दिल्ली के आर्मी अस्पताल में चल रहा है, जबकि उमर को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं तीसरे घायल फारुख अहजम की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
ADVERTISEMENT
जैद को आर्मी अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में कार चला रहे प्रयागराज के मोहत्सिम गंज निवासी जैद को गंभीर चोटें आई हैं. वह अतीक अहमद के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. हादसे में जैद की दो पसलियां टूट गईं और एक हाथ के साथ दोनों पैर में फ्रैक्चर हुआ है. इसके अलावा सिर में भी गंभीर चोट लगी थी. पहले उसका इलाज झांसी के बाद प्रयागराज में कराया जा रहा था, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर उसे दिल्ली के आर्मी अस्पताल रेफर किया गया. वहां उसका इलाज जारी है. बता दें जैद के पिता आर्मी में हैं.
उमर का मेदांता में हुआ ऑपरेशन
हादसे में गंभीर रूप से घायल उमर का इलाज पहले प्रयागराज के आशुतोष अस्पताल में चल रहा था. उसे तीन पसलियों में फ्रैक्चर के अलावा हाथ-पैर में चोट और फेफड़े में गंभीर चोट लगी थी. शनिवार शाम उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार ने उसे दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया. यहां रविवार को उमर का ऑपरेशन किया गया. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
फारुख अहजम की हालत स्थिर
हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति फारुख अहजम का इलाज अभी प्रयागराज में ही चल रहा है. मिली जानकारी के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल ठीक और स्थिर बताई जा रही है. वहीं जैद और उमर को दिल्ली रेफर किए जाने के बाद परिवार की चिंता गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की सेहत को लेकर बनी हुई है. हादसे में दो लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद परिवार और करीबियों की नजर अब दोनों के स्वास्थ्य पर टिकी है.
अली अहमद से मिलने जा रहे थे सभी लोग
यह हादसा उस समय हुआ जब अबान अहमद अपने साथियों और रिश्तेदारों के साथ झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहा था. इसी दौरान कार हादसे का शिकार हो गई. दुर्घटना में अबान और सोनू की मौत हो गई, जबकि जैद, उमर और फारुख अहजम घायल हुए थे. हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल जैद और उमर को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाना पड़ा.
ADVERTISEMENT











