प्यार अंधा होता है और इसमें इंसान किसी भी हद तक जा सकता है... इस कहावत को प्रयागराज के मेजा इलाके में एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात ने सच साबित कर दिया है. आरोप है कि यहां एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के दादा-दादी और बुआ की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी. आरोपी हिमांशु यादव सिर्फ इस बात से नाराज था कि लड़की के घरवाले उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे और उन्होंने प्रेमिका को उससे दूर किसी अज्ञात जगह भेज दिया था. हालांकि, प्रयागराज पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी प्रेमी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
घर के आंगन में मिलीं तीन लाशें, गांव में मचा हड़कंप
यह दिल दहला देने वाली वारदात प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुर कटवा गांव की है. सुबह जब ग्रामीणों ने एक ही परिवार के तीन लोगों के लहूलुहान शव घर के परिसर में पड़े देखे, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतकों की पहचान घर के बुजुर्ग दादा श्यामलाल गुप्ता, उनकी पत्नी अमरावती गुप्ता और रिश्ते में लगने वाली बुआ इंद्रावती गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, इन तीनों की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि गांव के ही रहने वाले और लड़की के प्रेमी हिमांशु यादव ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी.
घर से भागे थे प्रेमी-प्रेमिका, दादा ने लगाया था पहरा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हिमांशु यादव का मृतकों के घर की लड़की के साथ काफी समय से अफेयर चल रहा था. कुछ समय पहले दोनों घर छोड़कर भाग भी गए थे. जब दोनों वापस लौटे, तो दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ. इसके बाद लड़की के दादा श्यामलाल गुप्ता ने सख्त कदम उठाते हुए पोती के घर से निकलने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी और उसका कड़ा पहरा शुरू कर दिया. बाद में दोनों को हमेशा के लिए दूर करने के मकसद से लड़की को उसकी मां और अन्य रिश्तेदारों के घर भेज दिया गया.
शादी से इनकार और दूरियां बनीं कत्ल की वजह
हिमांशु यादव हर हाल में उस लड़की से शादी करना चाहता था. उसने कई बार लड़की के घरवालों के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन परिवार ने साफ इनकार कर दिया. प्रेमिका को खुद से दूर भेजे जाने और मिलने पर लगी पाबंदी से हिमांशु के सिर पर खून सवार हो गया. उसे लगा कि इन सब बंदिशों के पीछे लड़की के दादा-दादी और बुआ ही हैं. इसी बदले की आग में उसने रात के अंधेरे में घर में घुसकर तीनों बुजुर्गों पर जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया.
12 घंटे के अंदर एनकाउंटर में दबोचे गए आरोपी, लापरवाह पुलिसकर्मी सस्पेंड
तिहरे हत्याकांड की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रयागराज की गंगापार पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई. गंगापार डीसीपी विवेक यादव के मुताबिक, पुलिस टीमों ने महज 12 घंटे के भीतर इस पूरे केस का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी हिमांशु यादव और उसके एक मददगार दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ में हिमांशु ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की पूरी कहानी बयां की है. वहीं, इस मामले में स्थानीय स्तर पर लापरवाही बरतने के आरोप में एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड भी किया गया है.
ADVERTISEMENT










