बहन-बेटियों से छेड़खानी का विरोध किया, तो गला रेतकर मार डाला... संत कबीर नगर में दलित युवक की हत्या पर बवाल

Sant Kabir Nagar Murder Case: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में बहन-बेटियों से छेड़खानी का विरोध करने पर 26 वर्षीय दलित युवक आनंद की हत्या कर दी गई है. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर की मांग की है. प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नासिर के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की है, साथ ही परिजनों को आर्थिक सहायता भी मुहैया कराया गया है.

यूपी तक

20 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jun 2026, 03:11 PM)

follow google news

Sant Kabir Nagar Murder Case: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में बहन-बेटियों से छेड़खानी का विरोध करने पर 26 वर्षीय दलित युवक आनंद की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई है. इस वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव है. मृतक के परिजनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया है.  हंगामे को देखते हुए जिला प्रशासन ने मुख्य आरोपी नासिर के खिलाफ बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया है. हालात को काबू में करने के लिए पीड़ित परिवार को मुआवजे का ऐलान भी किया गया है.

यह भी पढ़ें...

छेड़खानी का विरोध बनी हत्या की वजह

मृतक आनंद के परिजनों ने बताया है कि  6 जून को उनके घर में एक शादी समारोह था. उनका आरोप है कि उसी दौरान मुख्य आरोपी नासिर अपने साथियों के साथ वहां से गुजरा था और लड़कियों को देखकर अश्लील इशारे कर रहा था. जब आनंद और उसके परिवार ने इस हरकत का विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई हुई थी. परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते जब आनंद सब्जी लेने बाजार गया था, तब आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है.

परिजनों ने की एनकाउंटर की मांग

इस नृशंस हत्याकांड के बाद आनंद के घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है. घटना से आक्रोशित परिजनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जमकर हंगामा किया है. न्याय की गुहार लगाते हुए परिजनों ने कहा है, 'अगर हम हमारी बहन-बेटियों के साथ छेड़खानी का विरोध करेंगे तो क्या ये लोग गला काट देंगे? ये लोग मर्डर करेंगे? इसका एनकाउंटर होना चाहिए.' लोगों का यहां तक दावा है कि आनंद के साथ बिल्कुल वैसा ही सुलूक किया गया है, जैसा बीते दिनों गाजियाबाद में एक अन्य युवक के साथ किया गया था.

बुलडोजर एक्शन और मुआवजे का ऐलान

हंगामे को बढ़ता देख जिला प्रशासन ने तुरंत कड़ी कार्रवाई की है. जिसके चलते मुख्य आरोपी नासिर अली की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई है. इसके साथ ही पीड़ित परिवार को करीब 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर सरकारी नौकरी और मृतक के बच्चों को भरण-पोषण भत्ता देने का आधिकारिक आश्वासन दिया गया है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई और मान-मनौव्वल के बाद परिजन शांत हुए हैं और उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए अपनी सहमति दे दी है. पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है.