Basti Police: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है. यह वीडियो भरवलिया गांव का है, जहां पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने पहुंची पीआरवी (PRV) टीम के एक सिपाही ने घर में घुसकर एक युवक की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घरवाले चीखते-चिल्लाते हुए युवक को बचाते हुए नजर आ रहे हैं. इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने सख्त एक्शन लिया है और आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है.
ADVERTISEMENT
सिपाही ने की बेरहम पिटाई
17 जून को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव से पुलिस को पति-पत्नी के बीच झगड़े की सूचना मिली थी. इसके बाद पीआरवी 9523 की टीम मौके पर पहुंची थी, जिसमें कांस्टेबल समीर पाठक और चालक जितेंद्र वर्मा तैनात थे. बातचीत के दौरान पुलिस और युवक के बीच तीखी कहासुनी हो गई थी. इसके बाद सिपाही समीर पाठक ने आपा खो दिया और युवक को चारपाई पर गिराकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया था.
पुलिस ने दी यह सफाई
इस पूरी घटना और वायरल वीडियो पर स्थानीय पुलिस ने अपनी तरफ से सफाई भी पेश की है. पुलिस का यह दावा है कि आरोपी युवक नशे की हालत में था और उसने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी की थी. पुलिस के मुताबिक, 'युवक ने पुलिस के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उनका पारा हाई हो गया था और आत्मरक्षा में यह सब कुछ हुआ था.' हालांकि, वीडियो में सिपाही ताबड़तोड़ वार करता हुआ साफ दिखाई दे रहा है.
आरोपी सिपाही हुआ सस्पेंड
युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. वीडियो पर संज्ञान लेते हुए बस्ती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यशवीर सिंह ने तत्काल प्रभाव से कड़ा एक्शन लिया है. मामले की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि, 'श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उस आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.' फिलहाल मामले की विभागीय जांच चल रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जानी है.
ADVERTISEMENT









