संतकबीर नगर में युवक की गला रेतकर हत्या... आरोपी नासिर का भीड़ ने फूंका घर, इलाके में पुलिस बल तैनात

Sant Kabir Nagar Murder Case: संत कबीर नगर के बखीरा क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक आनंद कुमार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है. परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते नासिर पर हत्या का आरोप लगाया है.

यूपी तक

• 06:27 PM • 19 Jun 2026

follow google news

Sant Kabir Nagar Murder Case: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले से एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बखीरा थाना क्षेत्र के बबनी चौराहे पर गुरुवार देर शाम एक 26 वर्षीय दलित (SC) युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई है. परिजनों ने इस हत्या का आरोप नासिर नाम के युवक पर लगाया है. इस नृशंस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव है. आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर तोड़फोड़ करते हुए मुख्य आरोपी नासिर के घर और कई गुमटियों को आग के हवाले कर दिया. इलाके में तनाव को बढ़ता देख कई आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद हैं.

यह भी पढ़ें...

घात लगाकर युवक की हत्या

कोलकी चमरसन गांव का रहने वाला 26 साल का आनंद कुमार गुरुवार देर शाम अपनी बाइक से बबनी चौराहे पर गया था. परिजनों का आरोप है कि वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने आनंद को धोखे से पकड़ लिया और धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया. हमले में आनंद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

छेड़खानी का विरोध बनी वजह

परिजनों के मुताबिक, 6 जून को परिवार में एक शादी थी. आरोप है कि मुख्य आरोपी नासिर अली ने अपने साथियों के साथ वहां से गुजरते हुए लड़कियों को अश्लील इशारे किए थे. तब आनंद के परिवार ने इसका कड़ा विरोध किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और हाथापाई हुई थी. परिजनों का दावा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते आनंद की हत्या की गई है. वहीं, स्थानीय स्तर पर घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की भी चर्चा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है.

आरोपी के घर लगाई आग

हत्या की खबर मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया. आक्रोशित भीड़ ने मुख्य आरोपी नासिर के घर में आग लगा दी है. परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, एनकाउंटर और 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग की है. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया है. इसके साथ ही इलाके में तनाव को देखते हुए कुसमाहा और बबनी गांव में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है.