Badaun Murder Case: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां थाना कुंवरगांव क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के पास बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने रात के अंधेरे में एक बुजुर्ग की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी है. मृतक की पहचान गरुईया गांव के रहने वाले 55 वर्षीय दिलीप यादव के रूप में हुई है, जिनकी हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन हत्या की असली वजह अभी तक एक बड़ा रहस्य बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
पंचर बनवाते समय की फायरिंग
सोमवार की रात दिलीप यादव अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे. गंगा एक्सप्रेसवे के चेंजओवर के पास बनकोटा स्टैंड पर उनकी बाइक पंचर हो गई थी. जब वह अपनी बाइक का पंचर लगवा रहे थे, तभी बदायूं की तरफ से बाइक पर सवार होकर 2 अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे थे. बदमाशों ने बिना कुछ सोचे-समझे दिलीप यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े थे. वारदात को अंजाम देकर आरोपी आसानी से मौके से फरार हो गए थे.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची थी और गंभीर रूप से घायल दिलीप को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था. हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था. इस खौफनाक हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. मृतक के बेटे राजेश यादव ने हैरानी जताते हुए कहा है कि, 'उनके पिता की किसी से कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं था.'
पुलिस कर रही है जांच
इस सनसनीखेज वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात हृदयश सिंह कठेरिया भारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे थे. मामले की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया है कि, 'पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जिला अस्पताल के लिए मजरूब को रवाना किया गया, जहां चिकित्सक के द्वारा उनको ब्रॉड डेड घोषित किया गया.' फिलहाल पुलिस परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर रही है और बेखौफ कातिलों को पकड़ने के लिए कई पहलुओं पर जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









