Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है. माधवगंज इलाके के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली मासूम बच्चियों ने अपने ही शिक्षक पर जो आरोप लगाए हैं उन्हें सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. बच्चियों का आरोप है कि शिक्षक योगेश कुमार उन्हें न सिर्फ गलत तरीके से छूता था बल्कि उनसे बेहद अश्लील और आपत्तिजनक बातें भी करता था. बैड टच की इस खौफनाक दास्तां के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT
'नहाकर आई हो तो चुम्मा दो'
स्कूल की छठी, सातवीं और आठवीं कक्षा की छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर अपने इंचार्ज शिक्षक योगेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोला है. एक छात्रा ने बताया कि शिक्षक उससे पूछता था कि 'क्या स्कूल नहाकर आई हो? और जब बच्ची हां कहती तो वह कहता तो फिर चुम्मा दो.' छात्राओं ने बताया कि मास्टर साहब आए दिन मौका मिलते ही गंदी हरकतें करते थे. सातवीं कक्षा की एक छात्रा का आरोप है कि शिक्षक ने उसकी कमर पकड़कर दबाई. वहीं एक अन्य छात्रा ने बताया कि जब क्लास में कोई नहीं होता था तब शिक्षक उसके गालों को गलत तरीके से छूता था. बच्चियों ने बताया कि यह शोषण काफी समय से चल रहा था और मास्टर साहब आए दिन ऐसी हरकतें दोहराते थे.
आरोपी शिक्षक निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने अपनी रिपोर्ट सौंपी जिसके आधार पर प्रभारी बीएसए प्रभास कुमार श्रीवास्तव ने तत्काल कार्रवाई की है. आरोपी शिक्षक योगेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि बालिकाओं के साथ बैड टच और आपत्तिजनक बातों की पुष्टि होने के बाद ही यह कदम उठाया गया है.
ये भी पढ़ें: शिकायतकर्ता आशुतोष महाराज की ये कौन सी फोटो लेकर आ गए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, मचा खूब बवाल
ADVERTISEMENT









