गाजियाबाद में हनुमान जन्मोत्सव पर हिंदू रक्षा दल की झांकी पर बवाल, पिंकी चौधरी का ये बयान हुआ वायरल

गाजियाबाद के लोनी में हिंदू रक्षा दल की शोभा यात्रा में 'लव जिहाद' की झांकी पर विवाद शुरू हो गया है. अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने मुकदमों को योद्धाओं का गहना बताया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

यूपी तक

06 Apr 2026 (अपडेटेड: 06 Apr 2026, 01:51 PM)

follow google news

गाजियाबाद के लोनी इलाके में 5 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हिंदू रक्षा दल द्वारा निकाली गई शोभा यात्रा सुर्खियों में है. इस यात्रा में प्रदर्शित एक झांकी, जिसमें लव जिहाद को हिंसक और विभत्स तरीके से दिखाया गया उसे लेकर पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. झांकी में एक व्यक्ति को टोपी और दाढ़ी में हाथ में तलवार लिए दिखाया गया था, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई है.

यह भी पढ़ें...

मुकदमों से डर नहीं लगता: पिंकी चौधरी

शोभा यात्रा के समापन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमों को योद्धाओं का गहना बताया. उन्होंने कहा, "मुझ पर 38 से ज्यादा मुकदमे हैं, यह मेरा सौभाग्य है. हनुमान जी यह मौका किसी-किसी को देते हैं." उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि उनके कार्यकर्ताओं की तरफ किसी ने आंख उठाकर देखी, तो वे आंख निकाल लेने की ताकत रखते हैं.

लव जिहाद की झांकी पर पुलिस का एक्शन

विवादास्पद झांकी का वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है. पुलिस के अनुसार, शोभा यात्रा के लिए सशर्त अनुमति दी गई थी, लेकिन झांकी के दृश्यों के बारे में पहले से जानकारी नहीं थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अंकुर विहार को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

संगठन का पक्ष- 'बेटियों को सतर्क करना था उद्देश्य'

विवाद पर सफाई देते हुए हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस झांकी का उद्देश्य हिंदू लड़कियों को प्रेम के नाम पर होने वाले धोखे के प्रति जागरूक करना था. उनका दावा है कि प्रेम के जाल में फंसाकर बेटियों के साथ जो गलत अंजाम होता है, उसे ही झांकी के जरिए प्रदर्शित किया गया ताकि समाज में सतर्कता आए.