जालौन जिले के अकोधी गांव में एक खेत के रास्ते को लेकर उपजा मामूली विवाद एक युवक की मौत के साथ बेहद दर्दनाक अंजाम पर खत्म हुआ. गांव के ही कुछ दबंगों के साथ रास्ते को लेकर प्रदीप बरार का विवाद हुआ, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया. आरोप है कि इस विवाद और अपमान से आहत होकर प्रदीप ने खेत में बने कुएं में छलांग लगा दी. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT
इस घटना ने प्रदीप के परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है, क्योंकि घर में कुछ ही दिनों बाद उसकी बहन की शादी होने वाली थी. जिस घर में शादी के मंगल गीत गाए जाने थे, वहाँ अब चीख-पुकार मची हुई है. पूरे गांव में इस हादसे के बाद सन्नाटा पसरा है और हर कोई इस बात से हैरान है कि कैसे एक छोटे से जमीन के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया.
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमाॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का खुलासा होगा. फिलहाल, पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और गाँव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.
ADVERTISEMENT









