प्रयागराज के करेली इलाके में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है. अतीक अहमद के भाई अशरफ के पूर्व गनर और वर्तमान प्रॉपर्टी डीलर इरफान गद्दी की बाइक सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी. घटना उस समय हुई जब इरफान अपने घर के पास एक दुकान पर चाय पी रहा था, तभी हमलावरों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी. लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद और पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है. इरफान गद्दी का अतीत माफिया गिरोह से जुड़ा रहा है. लेकिन वर्तमान में वे प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार में सक्रिय था. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी राजकुमार मीणा और मनीष कुमार शांडिल्य भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया.
इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए पांच विशेष टीमें गठित की हैं, जो आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT









