PCS ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक को लेकर सामने आई बड़ी खबर, दोनों के रिश्ते के बारे में ये पता चला

आलोक और ज्योति मौर्य ने बच्चों के लिए अपने विवाद खत्म कर एक साथ रहने का फैसला किया है। दोनों अब शांति से परिवार के साथ जीवन बिता रहे हैं। आलोक प्रतियोगी परीक्षाओं में व्यस्त हैं और ज्योति अपने काम पर ध्यान दे रही हैं। यह समझौता परिवार में खुशहाली लाने वाला है।

यूपी तक

• 12:47 PM • 06 Apr 2026

follow google news

पिछले कुछ सालों से सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र रहीं पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या के बीच आखिरकार सुलह हो गई है. लंबे समय तक चली अदालती लड़ाई और एक-दूसरे पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद, अब यह जोड़ा अपनी दो जुड़वा बेटियों के भविष्य के लिए एक साथ रहने को तैयार हो गया है.

यह भी पढ़ें...

बच्चों के भविष्य के लिए कड़वाहट हुई खत्म

आलोक और ज्योति मौर्या के बीच का विवाद किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था, लेकिन अब इस कहानी का 'हैप्पी एंडिंग' वाला मोड़ सामने आया है. दोनों ने आपसी समझौते के बाद तय किया है कि वे अब एक साथ एक ही छत के नीचे रहेंगे. इस फैसले के पीछे की मुख्य वजह उनकी दोनों बेटियां हैं. दोनों का मानना है कि माता-पिता के झगड़ों का बुरा असर बच्चों के करियर और मानसिक स्वास्थ्य पर न पड़े, इसलिए उन्होंने साथ रहने का निर्णय लिया है.

ज्योति नोएडा में तैनात, आलोक दे रहे हैं प्रतियोगी परीक्षाएं

वर्तमान में ज्योति मौर्या नोएडा में तैनात हैं और अपने प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त हैं. वहीं, आलोक मौर्या अपनी प्रगति के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं. उन्हें हाल के दिनों में समीक्षा अधिकारी (RO), पीसीएस मेंस और आयोग के साक्षात्कारों में शामिल होते देखा गया है. हालांकि, कई राजनीतिक पार्टियों ने आलोक को चुनाव लड़ने और देश सेवा का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने फिलहाल अपने करियर और परिवार पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है.

सूर्यवंशम जैसी शुरुआत और फिर विवादों का दौर

ज्योति और आलोक की कहानी की शुरुआत फिल्म 'सूर्यवंशम' जैसी रही थी. साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली ज्योति की शादी ग्रेजुएशन के दौरान ही आलोक से हो गई थी. आलोक, जो उस समय पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थे, उन्होंने अपनी पत्नी को पढ़ा-लिखाकर पीसीएस अधिकारी बनाने में पूरी मदद की. साल 2015 में ज्योति ने पीसीएस में 16वीं रैंक हासिल की थी.

विवाद तब शुरू हुआ जब आलोक ने ज्योति पर होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और जान से मारने की साजिश रचने के आरोप लगाए थे. वहीं ज्योति ने आलोक पर धोखाधड़ी कर शादी करने (शादी के कार्ड में गलत पद छपवाने) का आरोप लगाया था.

सोशल मीडिया से बनाई दूरी, परिवार पर ध्यान

विवादों के दौरान 'ठुकरा के मेरा प्यार' जैसे डायलॉग्स और मीम्स की बाढ़ आ गई थी, लेकिन अब दोनों ने खुद को मीडिया की चकाचौंध से दूर कर लिया है. आलोक मौजूदा समय में प्रतापगढ़ में तैनात हैं, लेकिन जब भी मौका मिलता है, दोनों प्रयागराज में एक साथ समय बिताते हैं. आलोक मौर्या ने इस बीच 'पुरुष आयोग' के गठन की मांग भी उठाई है, लेकिन प्राथमिकता अपने परिवार और बच्चों को दी है.