शाहजहांपुर के निगोई थाना क्षेत्र के चिठड़ा चिठड़ी गांव में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक रील को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया. गांव के कुछ मुस्लिम युवकों द्वारा एआई (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर हिंदू देवी-देवताओं का अपमानजनक वीडियो बनाने का आरोप लगा है. इसके विरोध में दर्जनों हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर आरोपी युवकों से सरेआम माफी मंगवाई.
ADVERTISEMENT
AI रील से शुरू हुआ विवाद
मामला तब गरमाया जब सोशल मीडिया पर भगवान हनुमान जी से जुड़ी एक आपत्तिजनक रील वायरल हुई. आरोप है कि गांव के मुस्लिम लड़कों ने एआई के जरिए इस वीडियो को तैयार किया था, जिसमें अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था. वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी फैल गई.
बजरंगबली की मूर्ति के सामने सजा
नाराज हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गांव पहुंचे और आरोपी युवकों को पकड़ लिया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यकर्ताओं ने युवकों से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई. इतना ही नहीं, उन्हें बजरंगबली की मूर्ति के पैर छूकर माफी मांगने और 'जय श्री राम' के नारे लगाने के लिए भी कहा गया. इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा थी और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया.
हिदायत देकर छोड़ा, भाईचारे की अपील
हिंदू संगठनों ने युवकों को दोबारा ऐसी गलती न करने की कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया. हालांकि, यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे विवाद के पीछे धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाली डिजिटल सामग्री मुख्य वजह रही.
ADVERTISEMENT









