सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा खुलते ही दूर तक उड़े बाइक पर सवार हुकुम सिंह, फिर जो हुआ उसने सबको हिला दिया

यूपी तक

• 11:32 AM • 06 Jun 2026

Firozabad Accident: फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से तेज रफ्तार बाइक उससे टकरा गई. इस हादसे में ससुर हुकुम सिंह की मौत हो गई, जबकि दामाद प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.

Google CTA

Firozabad Accident: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने लापरवाही और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह घटना थाना उत्तर क्षेत्र के बौद्ध आश्रम के पास हुई, जहां एक खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार ससुर की मौत हो गई, जबकि दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया है. पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

यह भी देखें...

कैसे हुआ पूरा हादसा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 57 वर्षीय हुकुम सिंह अपने दामाद प्रदीप कुमार के साथ बाइक पर गैस सिलेंडर लेकर जा रहे थे. रास्ते में सड़क किनारे एक कार खड़ी थी. जैसे ही कार चालक ने बिना पीछे देखे अचानक दरवाजा खोला, उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक सीधे दरवाजे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

यह पूरा हादसा सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क किनारे खड़ी कार से अचानक दरवाजा खुलता है और उसी समय पीछे से आती बाइक उससे टकरा जाती है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

मृतक और घायल की पहचान

इस हादसे में शिकोहाबाद के नगला बिलौटिया गांव निवासी हुकुम सिंह की मौत हो गई. वहीं उनके दामाद प्रदीप कुमार, जो मटसेना क्षेत्र के हसनपुर गांव के रहने वाले हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायल दामाद को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है.

पुलिस जांच और कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई वीडियो व अन्य सबूतों के आधार पर की जा रही है.