Sambhal Case: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनते ही किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. एक ओर घर में बहन की शादी के बाद विदाई की शहनाइयां गूंज रही थीं. घर में बहन की विदाई की तैयारी चल रही थी और हर चेहरा खुशियों से भरा हुआ था. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इसी खुशी के बीच एक ऐसी खबर आने वाली है जो सबको तोड़ कर रख देगी. शादी समारोह के दौरान नाबालिग भाई अचानक गायब हुआ और घर पहुंचकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जब विदाई के बाद परिजन घर लौटे तो बेटे का शव देखकर उनके होश उड़ गए. यही नहीं परिजन गुपचुप तरीके से शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी घटना की जानकारी पुलिस को मिल गई.
ADVERTISEMENT
शादी समारोह के बीच अचानक गायब हुआ नाबालिग भाई
यह दर्दनाक मामला उत्तर प्रदेश के संभल जिले के रायसत्ती थाना क्षेत्र के जगत मोहल्ले का है. यहां के रहने वाले मुकीम खान की बेटी शाजिया की रविवार को शादी थी. शादी समारोह मैरिज हॉल में धूमधाम से चल रहा था. इसी बीच मुकीम के 16 वर्षीय बेटे हमजा ने पिता से घर की चाभी मांगी तो पिता ने घर की चाभी दे दी. इसके बाद हमजा मैरिज हॉल से गायब हो गया, लेकिन किसी ने इस बात पर कोई ध्यान नहीं दिया.
घर पहुंचकर कमरे में फांसी लगाकर की आत्महत्या
परिजनों ने बताया कि शादी की व्यस्तता के चलते हमजा के अचानक गायब होने पर किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया. इसी बीच हमजा घर पहुंचा और कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि शादी के कपड़ों को लेकर हमजा की परिजनों से कहासुनी हुई थी, हालांकि आत्महत्या की असली वजह अब तक स्पष्ट नही हो सकी है.
विदाई के बाद मिली बेटे की मौत की खबर
उधर मैरिज हॉल में शाजिया की विदाई की रस्म पूरी हुई. तभी पड़ोसियो ने मुकीम को सूचना दी कि उनके बेटे ने घर में फांसी लगा ली है. यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में सभी घर पहुंचे, जहां हमजा का शव लटका हुआ मिला. पड़ोसियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया लेकिन इसके बावजूद परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी.
गुपचुप तरीके से शव दफनाने की थी तैयारी
परिजनों ने करीब तीन घंटे तक इस घटना को छुपाए रखा और रात में ही शव को दफनाने की तैयारी करने लगे. इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. जानकारी मिलते ही रायसत्ती थाना प्रभारी निशांत राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पिता ने कहा नहीं पता क्यों किया सुसाइड
मृतक हमजा के पिता मुकीम ने बताया कि बेटी की शादी चल रही थी और पूरा परिवार मैरिज हॉल में मौजूद था. तभी लोगों ने सूचना दी कि बेटे ने घर में फांसी लगा ली है. उन्होंने कहा कि सुसाइड क्यों किया, इसका उन्हें कोई कारण नहीं पता. हमजा शादी में ठीक से काम कर रहा था और किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आ रही थी. सूचना मिलने पर जब घर पहुंचे तो बेटा पलंग पर पड़ा हुआ मिला.
पुलिस ने कही ये बात
रायसत्ती थाना प्रभारी निशांत राठी ने बताया कि आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: क्या फरवरी में ही हो जाएगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन? नई तारीख को लेकर अब ये जानकारी आई
ADVERTISEMENT









