उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है. बलराम नगर इलाके में पंजाब एंड सिंध बैंक में तैनात एक गार्ड रवींद्र हुड्डा ने बैंक मैनेजर अभिषेक की गोली मारकर हत्या कर दी. इस हत्या के पीछे की वजह चौंकाऊ है. सामने आई जानकारी के मुताबिक, गार्ड का मैनेजर से छुट्टी ना मिलने को लेकर कोई विवाद हुआ था. इसी खुन्नस में उसने मैनेजर के सामने जाकर सीधे सर्विस गन से उनकी छाती में गोली मार दी. आनन-फानन में मैनेजर अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT
बैंक के अंदर गोली चलने की आवाज के बाद मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 1:45 बजे की है. बैंक के भीतर कामकाज चल रहा था. तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोली चलने के तुरंत बाद गार्ड रवींद्र हुड्डा हाथ में बंदूक लहराते हुए बैंक से बाहर निकला और फरार हो गया. वहीं बैंक में खून से लथपथ हालत में पड़े मैनेजर अभिषेक को लेकर लोग अस्पताल की तरफ बाइक पर बिठाकर भागे. लेकिन तब कब उनकी मौत हो चुकी थी.
छुट्टी को लेकर था विवाद
एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा मूल रूप से बागपत का रहने वाला है. वह पिछले काफी समय से मैनेजर अभिषेक शर्मा से छुट्टी की मांग कर रहा था. छुट्टी को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी. सोमवार को भी इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर गार्ड ने मैनेजर पर सीधा फायर झोंक दिया.
आरोपी की तलाश में जुटी है पुलिस
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है. एसीपी ने बताया कि आरोपी गार्ड की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं. पुलिस उसके संभावित ठिकानों और बागपत स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी कर रही है.
ADVERTISEMENT









