Firozabad Child Murder Case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कस्बे से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. यहां डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी ने बच्चे को सड़क पर पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. वीडियो में कैद हुई क्रूरता ने लोगों को अंदर तक हिला कर रख दिया है . अब इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विराज उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी. इसी दौरान पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हो गया. आरोप है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बता दें कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
CCTV फुटेज में सामने आई थी ये खौफनाक वारदात
यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब मासूम बच्चे की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. फुटेज में आरोपी की हैवानियत साफ दिखाई दी, जिसने पूरे इलाके में गुस्से और शोक का माहौल पैदा कर दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली, जबकि पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है. पूछताछ में उसने दावा किया कि बच्चे की मां के साथ उसका प्रेम संबंध था और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोपी का कहना है कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रही थी. इसी विवाद के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के दावों की भी पड़ताल की जा रही है.
टॉफी दिलाने का झांसा देकर बच्चे को साथ ले गया था आरोपी
मृतक बच्चे की मां के अनुसार, आरोपी विराज उससे शादी करना चाहता था लेकिन वह बच्चे को अपने रिश्ते में बाधा मानता था. महिला का कहना है कि घटना वाले दिन वह अपनी एक रिश्तेदार के घर गई हुई थी. इसी दौरान आरोपी बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया. कुछ देर बाद उसने मासूम को सड़क पर पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
इसके बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड मिली.
किराने की दुकान चलाता है आरोपी
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिकोहाबाद इलाके में किराने की दुकान चलाता है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अपर पुलिस अधीक्षक सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.
ADVERTISEMENT









