हापुड़ में 2 दिन पहले चली थीं गोलियां अब आई मौत की खबर, दलित युवक दीपक ने अस्पताल में तोड़ा दम; पुलिस ने लिया ये एक्शन

देवेंद्र शर्मा

06 Sep 2026 (अपडेटेड: 06 Sep 2026, 02:42 PM)

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बदनौली गांव में दो दिन पहले हुए खूनी संघर्ष के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. पुराने मुकदमे और बाइक हटाने को लेकर दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव और फायरिंग में बदल गया था.

Hapur Badnauli Deepak Death News

Hapur Badnauli Deepak Death News

Google CTA

Hapur Badnauli Deepak Death News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बदनौली गांव में दो दिन पहले हुए खूनी संघर्ष के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. पुराने मुकदमे और बाइक हटाने को लेकर दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव और फायरिंग में बदल गया था. इस दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए दीपक की मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. दीपक की मौत के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. घटना में दीपक समेत चार लोग घायल हुए थे, जिनका इलाज मेरठ के अस्पताल में कराया गया.

यह भी पढ़ें...

दोनों पक्षों में जमकर पथराव और फायरिंग

घटना हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव की है. जानकारी के मुताबिक, दो पक्षों के बीच पुराने मुकदमे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. इसी बीच बाइक हटाने को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इसके बाद जमकर ईंट-पत्थर चले और फायरिंग भी हुई. इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो में मौके पर भारी हंगामा और हिंसा दिखाई दे रही है. फायरिंग और पथराव में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें दीपक भी शामिल था.

अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध असलहा, जिंदा कारतूस, खोखा और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है. वहीं कुछ आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?

मामले को लेकर पुलिस अधिकारी ने कहा 'बदनौली में जो घटना हुई थी, उसमें तीन व्यक्तियों को गोली लगी थी. एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था. दुर्भाग्यवश उनकी मृत्यु हो गई. हमने इसमें कठोर कार्रवाई की है और अभियुक्तों की गिरफ्तारी की है. छह अभियुक्त गिरफ्तार हैं और घटना में शामिल असलहा भी बरामद किया गया है.' अधिकारी ने आगे कहा 'ये दोनों पक्ष परिवार से संबंधित थे. दो परिवारों के बीच का झगड़ा है. इसे किसी और तरीके से बड़ा रूप देने का प्रयास गलत है. न्याय दिलाने के लिए हम कटिबद्ध हैं. अगर कोई कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी.'

घटना के बाद पुलिस विभाग में भी कार्रवाई की गई है. प्रशासन ने सीओ सिटी का तबादला कर दिया है, जबकि कोतवाल को लाइन हाजिर किया गया है. इसके अलावा चौकी प्रभारी और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है.