Ghaziabad Devendra Sharma Murder Case: गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के कन्नौजा गांव में रविवार शाम मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों के साथ चाकू और तलवार से हमला किए जाने की बात सामने आई है. इस मारपीट में करीब 55 साल देवेंद्र शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. जानकारी के मुताबिक पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT
‘भाई’ नहीं बोलने पर शुरू हुई कहासुनी
बताया जा रहा है कि पूरा विवाद नाम के साथ ‘भाई’ नहीं बोलने को लेकर शुरू हुआ था. रविवार शाम करीब 4 बजे दोनों पक्षों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई. शुरुआत में मामला मामूली था, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे. इस दौरान धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है. चाकू और तलवार से हमला किए जाने के कारण कई लोग घायल हो गए.
मारपीट में देवेंद्र शर्मा की मौत
झड़प के दौरान देवेंद्र शर्मा समेत कई लोग घायल हुए. घायलों में अंकित शर्मा और सचिन शर्मा के नाम भी सामने आए हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. यहां इलाज के दौरान करीब 55 साल के देवेंद्र शर्मा की मौत हो गई. उनकी मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया, जिसके चलते पुलिस ने सुरक्षा के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया है. पुलिस मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही मुरादनगर थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ कन्नौजा गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई है. पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद के दौरान किन लोगों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया.
ACP सुनील कुमार ने क्या कहा?
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया, 'कन्नौजा गांव में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं.' उन्होंने कहा कि वादी की तहरीर के आधार पर 'सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.' एसीपी के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है. पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT











