बच्ची को चिप्स का लालच देकर किया गंदा काम, गाजियाबाद में मजदूर की बेटी की हत्या के आरोप में पकड़े गए 2 युवक

मयंक गौड़

• 01:54 PM • 12 Jul 2026

गाजियाबाद बच्ची हत्याकांड में निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट से 7 साल की बच्ची का शव मिलने के मामले में पुलिस ने एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार और एक नाबालिग को पकड़ा है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Ghaziabad Girl Murder Case

Ghaziabad Girl Murder Case

Google CTA

Ghaziabad Girl Murder Case: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक निर्माणाधीन मॉल में 7 साल की बच्ची की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. बच्ची शुक्रवार शाम अचानक लापता हो गई थी और देर रात उसका शव मॉल के बेसमेंट-2 से बरामद हुआ. परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्ची को चिप्स और कोल्ड ड्रिंक का लालच देकर अंदर ले जाया गया, जहां उसके साथ गैंगरेप किया गया और फिर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें...

काम के दौरान अचानक लापता हुई बच्ची

जानकारी के अनुसार बच्ची के माता-पिता उसी निर्माणाधीन मॉल में मजदूरी करते हैं. शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे दोनों काम में व्यस्त थे, जबकि उनकी बेटी पास में अन्य दिनों की तरह खेल रही थी. कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिवार और अन्य मजदूरों ने पूरे परिसर में उसकी तलाश शुरू की. काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन पुलिस के पास पहुंचे और बच्ची की गुमशुदगी की सूचना दी.

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

तलाश के बीच रात करीब एक बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट-2 में एक बच्ची का शव पड़ा है. सूचना मिलते ही नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया. परिवार का आरोप है कि बच्ची को कुरकुरे, चिप्स और कोल्ड ड्रिंक का लालच देकर सुनसान हिस्से में ले जाया गया. उनका कहना है कि बच्ची के साथ गैंगरेप करने के बाद उसकी हत्या की गई और शव बेसमेंट में फेंक दिया गया. परिजनों के मुताबिक, शव पर खून के निशान थे और सिर पर चोट भी दिखाई दे रही थी.

सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वॉड की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए. साथ ही निर्माणाधीन मॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई. इसके बाद एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक किशोर को पकड़ लिया गया. दोनों के खिलाफ हत्या, रेप और POCSO Act की धाराओं में केस दर्ज किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है.

पुलिस ने जांच जारी होने की कही बात

नंदग्राम की कार्यवाहक एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है. फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी.