Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के सौरभ राय को बहरीन में तंबाकू से जुड़े सामान ले जाना भारी पड़ गया. उसके बैग में चुनौटी, सुर्ती और चूना मिलने के बाद बहरीन एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने उसे रोक लिया. इसके बाद उसे 18 दिनों तक पुलिस और सीआईडी की हिरासत में रहना पड़ा. सौरभ का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसे 16 डिग्री तापमान वाले कमरे में रखा जाता था. आखिरकार रिहाई के लिए परिवार को वकील की फीस और जुर्माने समेत 7200 बहरीन दीनार यानी करीब 18 लाख रुपये खर्च करने पड़े. करीब 18 दिनों की परेशानी के बाद अब सौरभ राय अपने गांव लौट आए हैं.
ADVERTISEMENT
बहरीन एयरपोर्ट पर बैग में मिला तंबाकू का सामान
आजमगढ़ के अहरौला क्षेत्र के भवरूपुर गांव के रहने वाले सौरभ राय 29 अक्टूबर को मुंबई से बहरीन पहुंचे थे. एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने उनके बैग की जांच के दौरान चुनौटी, सुर्ती और चूना बरामद किया. इसके बाद उन्हें बहरीन पुलिस और सीआईडी के हवाले कर दिया गया. सौरभ के मुताबिक इसके बाद उनसे लगातार पूछताछ की गई. अधिकारी बार-बार सवाल करते थे कि वह तंबाकू से जुड़ा यह सामान बहरीन क्यों लेकर आए हैं. इस घटना के बाद उनकी विदेश यात्रा मुश्किल में पड़ गई.
यह भी पढ़ें- मेरठ में अवैध संबंधों के शक और बालों में कलर कराने पर पति ने काट दी वाइफ की चोटी, हाथ में बाल लेकर थाने पहुंची पत्नी
रिहाई के लिए मिले दो ऑप्शन
सौरभ का दावा है कि हिरासत के दौरान उन्हें 16 डिग्री तापमान वाले कमरे में रखा जाता था. ओढ़ने के लिए केवल एक हल्की चादर दी गई थी. लगातार पूछताछ के बीच 18 दिनों तक उन्हें हिरासत में रखा गया. इसके बाद उनके सामने दो विकल्प रखे गए- या तो जुर्माना भरें या जेल की सजा भुगतें. इस सिचुएशन में परिवार ने बहरीन में अपने परिचितों से संपर्क किया और सौरभ की रिहाई के लिए वकील की व्यवस्था की.
जुर्माना और वकील की फीस देनी पड़ी
परिवार की कोशिशों के बाद सौरभ की रिहाई का रास्ता साफ हुआ. इसके लिए जुर्माने और वकील की फीस को मिलाकर कुल 7200 बहरीन दीनार चुकाने पड़े. इंडियन करेंसी में यह रकम करीब 18 लाख रुपये है. 18 नवंबर को कोर्ट से रिहाई मिलने के बाद सौरभ बहरीन से सऊदी अरब पहुंचे. वहां से चेन्नई और दिल्ली होते हुए सड़क मार्ग से अपने गांव लौटे. हालांकि, इस दौरान उनकी तबीयत भी बिगड़ गई. सौरभ के मुताबिक उन्हें टाइफाइड और मलेरिया है और उनका इलाज चल रहा है. साथ ही अब उनके बहरीन जाने पर प्रतिबंध भी लगा दिया गया है.
यह भी पढ़ें- गाजीपुर के एक ही परिवार के 3 लोगों का कमाल, भाई-बहन और मां का रोलर स्केटिंग नेशनल प्रतियोगिता में हुआ चयन
परिवार ने अधिकारियों से मांगी मदद
सौरभ से संपर्क टूटने के बाद परिवार भी परेशान था. उनके बड़े भाई ऋषभ राय ने 12 नवंबर को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर विदेश मंत्रालय के माध्यम से मदद की गुहार लगाई थी. बाद में बहरीन में परिचितों की मदद से वकील की व्यवस्था हुई और सौरभ को रिहाई मिली. परिवार ने मदद के लिए आजमगढ़ पुलिस और संबंधित अधिकारियों का आभार जताया है. फिलहाल सौरभ घर लौट चुके हैं.
ADVERTISEMENT











