10 लाख रुपए में तय हुआ पति की हत्या का सौदा, मुजफ्फरनगर में पत्नी और प्रेमी समेत 4 लोग गिरफ्तार

यूपी तक

• 04:02 PM • 01 Oct 2026

Muzaffarnagar Murder: मुजफ्फरनगर में एक किसान की हत्या के मामले में बेहद चौंकाने वाली कहानी सामने आई है. पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने 10 लाख रुपये में सौदा तय किया था.

Google CTA

Muzaffarnagar Murder: मुजफ्फरनगर में एक किसान की हत्या के मामले में बेहद चौंकाने वाली कहानी सामने आई है. पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने 10 लाख रुपये में सौदा तय किया था. पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया. पुलिस ने महज 60 घंटे के अंदर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी देखें...

जंगल में मिला था किसान का शव

यह मामला मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र का है. 27 सितंबर को अंबरपुर के जंगल में 50 वर्षीय किसान प्रवीण उर्फ परविंदर का शव मिला था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई थी कि प्रवीण की हत्या दो गोलियां मारकर की गई थी. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जांच के लिए कई टीमें गठित कीं. एसओजी और सर्विलांस टीम ने घटना स्थल और मृतक से जुड़े लोगों की कड़ियां जोड़ना शुरू किया, जिसके बाद शक की सुई घर वालों पर ही आकर टिक गई.

प्रेम संबंध और घरेलू विवाद

पुलिस जांच में पता चला कि इस पूरी साजिश के पीछे प्रवीण की पत्नी रेखा का हाथ था. पुलिस के मुताबिक, रेखा का विकास नाम के एक शख्स के साथ लव अफेयर था. विकास उनके परिवार का परिचित था और उसका घर में आना-जाना था. पूछताछ में रेखा ने बताया कि उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह काफी परेशान थी. इसी बीच 2018-19 के आसपास रेखा और विकास के बीच प्रेम संबंध बन गए और दोनों शादी करना चाहते थे. जब प्रवीण को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उसने इसका विरोध किया.

जमीन बेचकर तय किया मौत का सौदा

पुलिस के मुताबिक, रेखा ने पति को रास्ते से हटाने के लिए सिर्फ उकसाया ही नहीं, बल्कि हत्या के लिए 10 लाख रुपये का इंतजाम भी कर लिया था. उसने विकास से कहा कि वह जमीन बेचकर पैसे देगी. इस खौफनाक साजिश में विकास ने कल्याण सिंह और राजा उर्फ काला को भी शामिल कर लिया. राजा का प्रवीण पर करीब 1.5 लाख रुपये बकाया था, जो उसे वापस नहीं मिल रहा था. इसी वजह से राजा भी हत्या के लिए तैयार हो गया. पुलिस ने बताया कि पहले कल्याण ने और फिर राजा ने प्रवीण को गोली मारी. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, गाड़ी और मोबाइल बरामद कर चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है.

यह भी पढ़ें: सपा सरकार बनी तो इन लोगों को मिलेंगे ₹51 हजार महीना, अखिलेश ने यूपी चुनाव से पहले किया वादा