INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने खोले सारे पत्ते, कांग्रेस के साथ गठबंधन पर कही ये बड़ी बात

यूपी तक

• 02:07 PM • 01 Oct 2026

INDIA Bloc Meeting: INDIA ब्लॉक की बैठक में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर चर्चा हुई है. सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने बताया कि आगामी चुनाव सपा-कांग्रेस एक साथ मिलकर लड़ेगी.

Google CTA

INDIA Bloc Meeting: इंडिया ब्लॉक की हालिया बैठक में समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से सांसद हरेंद्र मलिक ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का प्रतिनिधित्व किया है. हरेंद्र मलिक ने यूपी तक को बताया, इस बैठक में मुख्य रूप से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई. हरेंद्र मलिक ने यूपी तक के कैमरे पर चुनाव आयोग को लेकर निष्पक्ष न होने का आरोप लगाते हुए कई मुद्दे उठाए है, जिनमें लाखों वोट काटे जाने और फर्जी वोट बनाए जाने के दावे शामिल हैं. उन्होंने यह भी कहा है कि सपा आगामी चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर ही लड़ेगी.

यह भी देखें...

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर आरोप

बैठक में सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल सभी नेताओं की राय थी कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है. मलिक ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर के नाम पर करीब 2 करोड़ 89 लाख वोट काट दिए गए हैं, जिनमें से ज्यादातर वोट सपा के थे. उन्होंने मैनपुरी उपचुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बिना किसी आपराधिक इतिहास वाले 300 लोगों को नोटिस भेजा गया था. इसके अलावा, उन्होंने आगरा में 15,000 फर्जी वोट बनाए जाने और शिक्षक एमएलसी चुनाव में धांधली का भी आरोप लगाया.

कांग्रेस के साथ गठबंधन पर रुख

कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीट शेयरिंग के सवाल पर हरेंद्र मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर ही चुनाव लड़ेगी. जब उनसे कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम के उस बयान के बारे में पूछा गया जिसमें उन्होंने 150 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया था, तो मलिक ने कहा कि इस पर राहुल गांधी और अन्य शीर्ष नेता मिलकर फैसला करेंगे. उन्होंने कहा, "जीतना ही योग्यता है." मलिक ने कहा कि दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच सहमति है और कोई दिक्कत नहीं होगी.

राज्यसभा चुनाव और आगामी रणनीति

राज्यसभा चुनाव के लिए धनराज नाथवानी के नाम पर चल रही चर्चाओं पर मलिक ने इसे पार्टी का फैसला बताया. तीसरे उम्मीदवार के सवाल पर उन्होंने कहा कि सही समय आने पर नाम सामने आ जाएगा. ओम प्रकाश राजभर के तंज पर पलटवार करते हुए मलिक ने कहा कि वह भाजपा के दबाव में ऐसा बोल रहे हैं. आगामी रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी बूथ स्तर पर पूरी तरह से तैयार है.